स्कोडा रैपिड का नया Onyx Edition मॉडल भारत में लॉन्च, जानिए खासियत

0
947

नई दिल्ली। स्कोडा आॅटो इंडिया ने अपनी लोकप्रिय कार रैपिड का नया Onyx Edition भारत में लॉन्च कर दिया है। इसकी एक्स-शोरूम कीमत 9.75 लाख रुपये रखी गई है। फेस्टिव सीजन के आगमन से पहले लाई गई इस नई कार में क्या कुछ है खास, आइए जानते हैं…

स्कोडा रैपिड सिडैन का यह स्पेशल एडिशन मॉडल दो कलर आॅप्शंस, लैपिज ब्लू और कैंडी वाइट में अवेलेबल होगा। इसके एक्सटीरियर और इंटीरियर में कई कॉस्मेटिक फीचर्स जोड़े गए हैं। हालांकि, मॉडल में कोई मैकेनिकल बदलाव नहीं किया गया है।

एक्स्टीरियर
एक्स्टीरियर अपग्रेड्स को देखें तो स्कोडा Rapid Onyx एडिशन में ब्लैक डिजाइन एलिमेंट्स हैं। इसमें ब्लैक कलर में फिनिश्ड बटरफ्लाई ग्रिल है जो कि क्रोम से लैस है। स्पेशल एडिशन वर्जन में ग्लॉस ब्लैक फिनिश्ड 16 इंच अलॉय वील्ज हैं।

इंटीरियर
इंटीरियर में देखेंगे तो स्कोडा रैपिड के इस एडिशन में कोई डिजाइन चेंज नहीं है। इसमें लेदर रैप्ड फ्लैट बॉटम स्टीयरिंग वील है जिसपर काली सिलाई दिखती है। एक और अपडेट है इसमें लगा 6.5 इंच टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम। यह सिस्टम स्मार्टलिंक तकनीक से लैस है जिसकी मदद से आपको स्मार्टफोन से नैविगेशन, यूएसबी, ब्लूटूथ आॅप्शंस की सुविधा मिलती है। यह सिस्टम मिररलिंक, ऐपल कारप्ले और ऐंड्रॉयड आॅटो को सपॉर्ट करता है।

इस कार में आॅटो क्लाइमेट कंट्रोल, 12 वोल्ट के पावर सॉकिट, ब्लैक वेस्ट बिन दिया गया है। इसमें स्पेशल स्कफ प्लेटें और रियर विंडस्क्रीन सनब्लाइंड भी है। LED DRLs, प्रोजेक्टर लेंस क्वॉर्ट्ज कट हेडलाइटें, एबीएस, ईबीडी, ड्यूल एयरबैग्स आदि इसकी कुछ अन्य खूबियां हैं।

इसका डीजल आॅटोमैटिक मॉडल ESC से भी लैस है। वहीं हिल होल्ड कंट्रोल वाला फीचर पेट्रोल और डीजल, दोनों के आॅटोमैटिक वर्जन्स में मिलेगा।

Skoda Rapid Onyx Edition का माइलेज
इंजन की बात करें तो Skoda Rapid Onyx में सेम 1.5-litre डीजल इंजन है जो कि 108 BHP का पावर जेनरेट करता है। वहीं इसमें 1.6 लीटर पेट्रोल इंजन का भी आॅप्शन है जो कि 103 बीएचपी का पावर जेनरेट करता है।

यह कार मैन्युअल और आॅटोमैटिक, दोनों ट्रांसमिशन आॅप्शंस के साथ आती है। Rapid का पेट्रोल आॅटोमैटिक मॉडल 14.84 किलोमीटर प्रति लीटर और डीजल आॅटोमैटिक मॉडल 21.72 kmpl तक का माइलेज दे सकता है। Rapid Onyx में चार साल सर्विस और रोडसाइड असिस्टेंस भी मिलता है।