यूरोप के सबसे बड़े न्यूक्लियर प्लांट पर हमले से सेंसेक्स 1100 अंक से अधिक टूटा

0
163

मुंबई। Share market crash: यूक्रेन में यूरोप के सबसे बड़े न्यूक्लियर प्लांट पर रूस के हमले की खबर से आज शेयर बाजार धराशायी हो गया। रूस और यूक्रेन के बीच तनाव (Russia-Ukraine war) बढ़ने और वैश्विक बाजारों में कमजोर रुख के बीच शुक्रवार को शुरुआती सत्र में सेंसेक्स 1100 अंक से अधिक टूट गया। सुबह 10.40 बजे 30 शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स (BSE Sensex) 1104.42 अंक यानी दो फीसदी गिरावट के साथ 53,998.26 अंक पर आ गया। इसी तरह एनएसई निफ्टी 291 अंक यानी 1.77 फीसदी की गिरावट के साथ 16,206.25 पर आ गया।

सेंसेक्स में शुरुआती कारेाबार में एशियन पेंट्स, मारुति सुजुकी इंडिया, एक्सिस बैंक, विप्रो, महिंद्रा ऐंड महिंद्रा के शेयर भी लाल निशान में थे जिनमें 4.51 फीसदी तक की गिरावट आई। निफ्टी ऑटो में सबसे ज्यादा तीन फीसदी गिरावट आई है। निफ्टी रियलिटी में 2.5 फीसदी गिरावट आई है। निफ्टी बैंक, फाइनेंशियल्स, आईटी, फार्मा, एफएमसीजी में भी गिरावट आई है। बीएसई मिडकैप और स्मॉलकैप इंडेक्सेज भी लाल निशान पर हैं। उनमें 1.5 फीसदी गिरावट आई है।

46 स्टॉक एक साल के ऊपरी स्तर पर
सेंसेक्स के 46 स्टॉक एक साल के ऊपरी और 41 निचले स्तर पर हैं। इसके 76 शेयर्स लोअर और 142 अपर सर्किट में हैं। इसका मतलब एक दिन में इनकी कीमतों में एक तय सीमा से ज्यादा की गिरावट या बढ़त नहीं हो सकती है। लिस्टेड कंपनियों में से 779 के शेयर बढ़त में और 1,570 के गिरावट में कारोबार कर रहे हैं। कल मार्केट कैप 251 लाख करोड़ रुपए था जो आज 248 लाख करोड़ रुपए है।

उधर, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 200 अंकों की गिरावट के साथ 16,294 पर है। यह 16,339 पर खुला था और 16,251 का निचला तथा 16,364 का ऊपरी स्तर बनाया। इसके चार प्रमुख इंडेक्स निफ्टी नेक्स्ट 50, निफ्टी मिडकैप, निफ्टी बैंक और फाइनेंशियल नीचे हैं।

निफ्टी के 44 शेयर्स नीचे
निफ्टी के 50 में से 6 बढ़त में और 44 गिरावट में हैं। बढ़ने वाले प्रमुख स्टॉक में हिंडालको, टाटा स्टील, भारत पेट्रोलियम, NTPC और UPL हैं। गिरने वालों में एशियन पेंट्स, हीरो मोटो कॉर्प, मारुति, एक्सिस बैंक और टाइटन हैं। इससे पहले गुरुवार को बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का सेंसेक्स 366 पॉइंट्स (0.66%) गिर कर 55,102 और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 108 अंक (0.55%) टूटकर 16,498 पर बंद हुआ था।

गौरतलब है कि रूस और यूक्रेन में जंग तेज होने के चलते संघर्ष के आठवें दिन सेंसेक्स 366 अंक टूटकर 55,102 के स्तर पर बंद हुआ था, वहीं निफ्टी 108 अंक की गिरावट के साथ 16,498 के स्तर पर बंद हुआ। गुरुवार को सबसे ज्यादा गिरावट ऑटो और बैंकिंग शेयरों में देखने को मिली थी।