सुशांत की बहन मीतू के खिलाफ रिया का केस बॉम्बे हाईकोर्ट ने रद्द किया

0
714

मुंबई। एक्टर सुशांत सिंह राजपूत की मौत से जुड़े एक केस में रिया चक्रवर्ती को बॉम्बे हाईकोर्ट से झटका लगा है। रिया ने सुशांत की बहनों मीतू और प्रियंका सिंह के खिलाफ फर्जी प्रिस्क्रिप्शन से जुड़ी FIR दर्ज करवाई थीं। कोर्ट ने सोमवार को अपना फैसला सुनाते हुए मीतू के खिलाफ दर्ज FIR रद्द कर दी, लेकिन प्रियंका को राहत नहीं दी। उनके खिलाफ अब जांच चलेगी।

सुशांत की मौत के मामले में एक्ट्रेस रिया चक्रवर्ती आरोपी हैं। सुशांत को ड्रग्स देने के आरोप में उनकी गिरफ्तारी हुई थी। अभी वे जमानत पर हैं। रिया ने अपनी गिरफ्तारी से पहले राम मनोहर लोहिया अस्पताल के डॉ. तरुण कुमार और सुशांत की दोनों बहनों के खिलाफ मुंबई के बांद्रा पुलिस स्टेशन में केस दर्ज कराया था। इन तीनों पर फर्जी मेडिकल प्रिस्क्रिप्शन बनाकर सुशांत के लिए दवा देने का आरोप लगाया गया था। इस केस को सुशांत की बहनों ने ​नवंबर 2020 में बॉम्बे हाईकोर्ट में चुनौती दी थी।

रिया ने अपनी शिकायत में कहा था कि डॉ. तरुण कुमार ने सुशांत की जांच किए बिना सिर्फ प्रियंका के कहने डिप्रेशन की दवाएं लिख दी थीं। यह कानून के खिलाफ है। रिया ने यह भी कहा कि प्रिस्क्रिप्शन दिल्ली की OPD का है, जबकि सुशांत उस दिन मुंबई में मौजूद थे।

रिया ने अपनी FIR में यह भी कहा था कि 8 जून 2020 की सुबह जब वे सुशांत के घर में थीं, तब सुशांत लगातार किसी से फोन पर चैट कर रहे थे। जब उन्होंने इस बारे में सुशांत से पूछा, तो सुशांत ने अपनी बहन से फोन पर हो रही चैट दिखाई। उनकी बहन प्रियंका दिल्ली में बैठे-बैठे अपनी तरफ से सुशांत को साइकोट्रोपिक ड्रग लेने की सलाह दे रही थीं। वो भी किसी ऐसे डॉक्टर के हवाले से, जिसने सुशांत को मरीज के तौर पर कभी देखा ही नहीं था। वहीं, सुशांत की बहन प्रियंका ने ‌वकील माधव थोराट के जरिए दाखिल की गई अर्जी में दावा किया कि सुशांत के लिए दवाएं डॉक्टर ने ही लिखी थीं। उन्होंने कोई जुर्म नहीं किया है।