सरकार के पास 56 हजार टन प्याज का स्टॉक, कम होंगे दाम: कृषि मंत्री

589

नई दिल्ली। देश के अलग-अलग हिस्सों में प्याज की खुदरा कीमतों के 70 से 80 रुपए किलो तक पहुंच गए हैं। इस बीच केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने मंगलवार को कहा है कि लोग धैर्य रखें और जल्द ही इसकी कीमतें गिर जाएंगी। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि नेफेड समेत अन्य सरकारी एजेंसियों के जरिए प्याज की आपूर्ति बढ़ाई जा रही है।

केंद्रीय मंत्री ने कहा है कि केंद्र के पास 56 हजार टन प्याज का बफर स्टॉक हैं जिसमें से अब तक 16 हजार टन प्याज बाजारों में पहुंचाई गई है। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि दिल्ली के बाजारों में रोजाना 200 टन प्याज की आपूर्ति की जा रही है। उन्होंने कहा कि पिछले एक महीने से महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश जैसे राज्यों में बारिश और बाढ़ के कारण ट्रांसपोर्टेशन की समस्या बढ़ गई है। पिछले सप्ताह आई बारिश के कारण भी आपूर्ति प्रभावित हुई है।

इसी कारण से राजधानी दिल्ली समेत देश के कई अन्य शहरों में प्याज के दाम 70 से 80 रुपए प्रति किलो तक पहुंच गए हैं। किसानों के लिए दो मोबाइल ऐप लॉन्चिंग कार्यक्रम में बात करते हुए केंद्रीय कृषि मंत्री ने कहा कि प्याज की स्थिति कुछ दिनों में सुधर जाएगी। कोपरेटिव एजेंसी नेफेड को केंद्रीय स्टॉक के सस्ती दरों पर प्याज उपलब्ध कराया जा रहा है। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि हमारे पास पर्याप्त स्टॉक हैं।

कीमतें कम करने के लिए उठाए जा रहे पर्याप्त कदम
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि दिल्ली समेत पूरे देश में प्याज की कीमतों को कम करने के लिए पर्याप्त कदम उठाए जा रहे हैं। नेफेड और राष्ट्रीय कॉपरेटिव कंज्यूमर्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (एनसीसीएफ) को केंद्र के बफर स्टॉक से सस्ती दरों पर प्याज उपलब्ध कराया जा रहा है। यह एजेंसियां खुदरा बाजार में 22 रुपए प्रति किलो की दर पर प्याज बेच रही हैं। इसके अलावा राज्य सरकार की ओर से संचालित मदर डेयरी के बूथों पर 23.90 रुपए प्रति किलो की दर से प्याज उपलब्ध कराया जा रहा है। दिल्ली, त्रिपुरा और आंध्र प्रदेश जैसी राज्य सरकारों ने भी केंद्रीय स्टॉक से प्याज उपलब्ध कराने को कहा है।

बारिश-बाढ़ के कारण बढ़ी दिक्कत
केंद्रीय खाद्य एवं आपूर्ति मंत्री रामविलास पासवान ने भी कहा है कि महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश जैसे बड़े प्याज उत्पादक प्रदेशों में बारिश और बाढ़ के कारण ट्रांसपोर्टेशन की समस्या बढ़ी है। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि केंद्र का पास प्याज का पर्याप्त मात्रा में बफर स्टॉक मौजूद है। जल्द ही प्याज की कीमतों में कमी आ जाएगी।