समय से दो दिन पहले केरल पहुंचा मानसून, तेज बारिश शुरू

0
234

नई दिल्ली। मानसून ने आज समय से दो दिन पहले केरल में दस्तक दे दी है। अब आने वाले दिनों में केरल के बाकी इलाकों के साथ-साथ तटीय कर्नाटक और महाराष्ट्र में मानसून का सिस्टम आगे बढ़ेगा। मानसून को लेकर मौसम विभाग का अनुमान सटीक साबित हुआ है।

बता दें कि मौसम विभाग ने पहले अनुमान लगाया था कि बंगाल की खाड़ी में आए चक्रवाती तूफान ‘आसनी’ के प्रभाव से इस बार मानसून समय से पहले ही केरल पहुंचेगा। मानसून वक्त से काफी पहले 16 मई को अंडमान एवं निकोबार द्वीपसमूह पहुंच गया था और चक्रवात के शेष प्रभाव के चलते इसके आगे बढ़ने के आसार थे। मानसून की एंट्री के साथ ही, मौसम विभाग ने 29 मई से 01 जून के दौरान केरल में भारी बारिश की संभावना जताई है। वहीं, लक्षद्वीप में 30 मई को भारी बारिश हो सकती है।

दक्षिण पश्चिम मानसून के आज केरल पहुंच गया। इससे पहले मौसम विभाग ने 27 मई को केरल में मानसून की शुरुआत का अनुमान जताया था। हालांकि पूर्वानुमान में चार दिनों की मॉडल त्रुटि हुई और ऐसा बंगाल की खाड़ी में आए चक्रवाती तूफान आसनी के प्रभाव के कारण हुई।

मौसम विभाग के अनुसार मौसम संबंधी नए संकेतों के अनुसार, दक्षिण अरब सागर के निचले स्तरों में पछुआ हवाएं चलनी तेज हो गई हैं। सैटेलाइट तस्वीरों के अनुसार केरल तट और उससे सटे दक्षिण पूर्व अरब सागर में बादल छाए हुए हैं। इसलिए, केरल में मानसून की शुरुआत के लिए परिस्थितियां अनुकूल होती जा रही हैं।

केरल में दस्तक देने के बाद मानसून धीरे-धीरे उत्तर भारत की ओर बढ़ेगा। महीने के आखिर में 27 जून तक दिल्ली में मानसून पहुंच सकता है। तब जाकर गर्मी से राहत मिल सकती है। यानी अभी महीनेभर दिल्ली वालों को अच्छी बरसात का इंतजार करना होगा।