बच्चों को मोबाइल की लत से बचाकर अच्छे संस्कारों से जोड़ना जरूरी: गोयल
कोटा। आज के आधुनिक युग में बच्चों को मोबाइल और सोशल मीडिया के दुष्प्रभावों से बचाते हुए उन्हें अच्छे नैतिक संस्कारों से जोड़ना अत्यंत आवश्यक है। संस्कारवान बालक ही भविष्य में आदर्श नागरिक बनकर समाज और राष्ट्र का नाम रोशन करते हैं।
यह विचार महाराजा श्री अग्रसेन सोशल ग्रुप के तत्वावधान में आयोजित संस्कार शिविर के समापन समारोह में मुख्य अतिथि और चेयरमैन संजय गोयल ने व्यक्त किए।
गीता भवन में आयोजित इस समापन समारोह में विशिष्ट अतिथि के रूप में गीता भवन के महामंत्री रामेश्वर विजय और ओजीएल मिरेकल इंटरनेशनल के डायरेक्टर अंशु अग्रवाल उपस्थित रहे।
संस्था के संभागीय अध्यक्ष परमानंद गर्ग व चेयरपर्सन पुष्पा गर्ग ने बताया कि शिविर के दौरान बच्चों को अपनी संस्कृति और स्वास्थ्य से जुड़े रहने का विशेष प्रशिक्षण दिया गया। समारोह में मुख्य अतिथि संजय गोयल ने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए पुरस्कार व सम्मान पत्र वितरित किए।
विभिन्न प्रतियोगिताओं में बच्चों ने मारी बाजी
समापन समारोह के दौरान शिविर के प्रतिभावान बच्चों को उनकी उत्कृष्ट प्रस्तुतियों के लिए सम्मानित किया गया। दण्ड संचालन में प्रज्ञ अग्रवाल ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। नृत्य कला में प्रियांशी कसेरा, आराध्या, लविशा, अक्षिता और लक्ष्य शाक्यवाल ने अपनी भाव-भंगिमाओं से सभी का मन मोहा। योग व स्वास्थ्य में राघव, सोमनाथ, वत्सल शर्मा, प्रेक्षा और साकेत गुप्ता ने चक्रासन, धनुरासन और मयूरासन का बेहतरीन प्रदर्शन किया। सांस्कृतिक प्रस्तुति में विनीता माखिया ने “नदी नहीं जल पीती…” कविता के माध्यम से जीवन का सार समझाया। वहीं ज्योतिष विधा में दीपिका गुप्ता और प्रियंका ने नवग्रह व नक्षत्र के प्रश्नोत्तर में स्थान पाया।
शिविर को 21 दिवसीय करने का सुझाव
महामंत्री रामेश्वर विजय द्वारा शिविर के अनुभव पूछे जाने पर संभागियों ने योगाचार्य माया अग्रवाल, एरोबिक्स शिक्षिका रेणु गोयल, मेडिटेशन विशेषज्ञ डॉ. परमानंद गर्ग, ज्योतिष विशेषज्ञ आदित्य शास्त्री, दण्ड प्रशिक्षक अर्चना राजावत और मैनेजमेंट प्रभारी सपना गोयल की सराहना की। बच्चों और अभिभावकों ने इस उपयोगी शिविर की अवधि को कम से कम 21 दिन करने का सुझाव दिया।
कार्यक्रम के अंत में उत्कृष्ट योगदान के लिए दीप चंद्र, मनोज सोनी और संयोजक परमानंद गर्ग को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन के वरिष्ठ उपाध्यक्ष टीकम खांडवाला व सुमन अग्रवाल सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।

