संसद घुसपैठ कांड: दिल्ली पुलिस को मिले नागौर में आरोपियों के जले हुए मोबाइल

57

नागौर। breach in parliament security: संसद भवन की सुरक्षा में सेंधमारी के आरोपियों का राजस्थान से कनेक्शन सामने आया है। दिल्ली पुलिस की जानकारी के मुताबिक आरोपियों के फ़ोन नागौर जिले में जले हुए मिले हैं। मुख्य आरोपी ललित झा की निशानदेही पर आग में जलाये गए फोनों को बरामद किया गया है। आगे की छानबीन की जा रही है।

जानकारी के मुताबिक, दिल्ली पुलिस आरोपियों के कनेक्शन के बारे में छानबीन कर रही थी। बीते कई दिनों से आरोपियों के मोबाइल के बारे में जानकारी जुटा रही थी। दिल्ली पुलिस मुख्य आरोपी ललित झा की निशानदेही पर नागौर पहुंची लेकिन वहां जो कुछ हाथ लगा वो जली हुई हालत में मिला।

आरोपियों के मोबाइल आग के हवाले कर दिए गए थे। दिल्ली पुलिस ने आरोपियों के मोबाइल के पार्ट्स बरामद कर लिए हैं और उसे सीज कर दिया है। पुलिस सबूत के आधार पर जानकारी जुटा रही है।

दिल्ली पुलिस ने बताया है कि मुख्य आरोपी ललित झा के पास अन्य सभी आरोपियों के मोबाइल फोन थे। उसने पहले सभी मोबाइल फोन तोड़ दिए और फिर उनमें आग लगा दी। आरोपियों का राजस्थान से क्या कनेक्शन था और उनका नागौर में क्यों ठिकाना था और क्या उन्हें बैक सपोर्ट किससे मिल रहा था, पुलिस इन सभी एंगल पर जांच कर रही है। बताया जा रहा है कि मोबाइल फोन बरामद होने के बाद कई अहम राज खुल सकते हैं।

गौरतलब हो बीते दिनों संसद शीतकालीन सत्र के दौरान संसद की सुरक्षा में सेंध लगाते हुए कुछ युवक दर्शक दीर्घा से सदन में कूद गए थे। उनके पास से रंग वाले बम भी थे। मुख्य आरोपी ललित झा की निशानदेही पर अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। आगे की जांच की जा रही है।