श्रद्धा एवं भक्ति के साथ पारीक पंचायत की भगवान जगन्नाथ रथयात्रा कल निकलेगी

0
2

कोटा। श्री पारीक पंचायत, कोटा के तत्वावधान में श्रीपुरा स्थित भगवान जगन्नाथ मंदिर से निकलने वाली रथयात्रा के साथ संकीर्तन, महाआरती, नागरिक अभिनंदन सहित विभिन्न आयोजन होंगे। कार्यक्रम की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए पंचायत के महिला एवं पुरुष प्रकोष्ठ की संयुक्त बैठक आयोजित की गई।

पंचायत के प्रवक्ता राहुल पारीक ने बताया कि कार्यक्रम का शुभारंभ 16 जुलाई को दोपहर 2 बजे संकीर्तन से होगा। इसके बाद सायं 5 बजे भगवान जगन्नाथ की भव्य रथयात्रा श्रीपुरा स्थित मंदिर से प्रारंभ होकर कैथूनीपोल, लाल बुर्ज और सुभाष सर्किल मार्ग से होते हुए पुनः मंदिर परिसर पहुंचेगी। सायं 7 बजे भगवान जगन्नाथ की महाआरती होगी, जबकि रात्रि 8 बजे महाप्रसाद एवं नागरिक अभिनंदन समारोह आयोजित किया जाएगा।

पंचायत के महामंत्री अशोक पारीक ने बताया कि समाज के वरिष्ठ समाजसेवी डॉ. केके पारीक को क्लिनिकल कार्डियोलॉजिस्ट्स एंड डायबिटोलॉजिस्ट्स सोसायटी ऑफ इंडिया (CCDSI) के यूके चैप्टर का अध्यक्ष नियुक्त किए जाने पर उनका नागरिक अभिनंदन किया जाएगा।

महिला अध्यक्ष निर्मला पारीक एवं महिला महामंत्री अनिता पारीक ने बताया कि रथयात्रा से पूर्व भगवान जगन्नाथ, बलभद्र एवं देवी सुभद्रा का विशेष पुष्प श्रृंगार किया जाएगा। स्नान, मंगलाचार, नवीन वस्त्र एवं आभूषणों से अलंकृत कर भव्य झांकी सजाई जाएगी। मंदिर परिसर को आकर्षक विद्युत सज्जा से आलोकित किया जाएगा, जबकि संकीर्तन में श्रद्धालु ढोलक, मृदंग, हारमोनियम, तबला एवं ताल की मधुर ध्वनि के साथ भक्ति रस में सराबोर होंगे।

पंचायत के अध्यक्ष रासबिहारी पारीक ने बताया कि समारोह के मुख्य अतिथि कोटा जिला सहकारी होलसेल उपभोक्ता भंडार लिमिटेड के चेयरमैन हरिकृष्ण बिरला होंगे, जबकि अतिरिक्त संभागीय आयुक्त ममता तिवारी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगी।