सर्व समाज सामूहिक विवाह, ऊर्जा मंत्री नागर ने नव-दंपतियों को दिया आशीर्वाद
कोटा। अखिल हाड़ौती सर्व समाज समिति के तत्वावधान में शुक्रवार को विज्ञान नगर स्थित बीएसएनएल कॉलोनी के मैदान में 17वें सर्व समाज सामूहिक विवाह सम्मेलन का आयोजन किया गया। इस गौरवमयी समारोह में हाड़ौती सहित राजस्थान के विभिन्न जिलों से आए सर्व समाज के 50 जोड़े एक ही पांडाल के नीचे वैदिक मंत्रोच्चार और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ विवाह के अटूट बंधन में बंधे।
कार्यक्रम में ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत कर नव-दंपतियों को आशीर्वाद दिया। इस अवसर पर राकेश जैन, विवेक राजवंशी, जगदीश जिंदल, राकेश बोयत, रेखा लखेरा, गजाला खान और चैन सिंह राठौड़ सहित कई गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
मुख्य अतिथि ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर ने समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि सम्मेलन सामाजिक समरसता और एकता का जीवंत उदाहरण है। उन्होंने कहा कि सामूहिक विवाह की यह परंपरा हमारी उस सोच को दर्शाती है जहाँ हम ‘स्व’ से ऊपर उठकर ‘सर्व’ की चिंता करते हैं। फिजूलखर्ची त्याग कर सादगी से समाज के हर वर्ग को साथ लेकर चलना ही असली मानवता है।
उन्होंने समिति के अध्यक्ष अशोक पचेरवाल और उनकी टीम की सराहना करते हुए कहा कि 17 वर्षों से निरंतर समाज के अंतिम छोर पर बैठे व्यक्ति की चिंता करना और उनके बच्चों के हाथ पीले करना ईश्वर की सच्ची सेवा है। नागर ने सरकार के “सबका साथ, सबका विकास” के ध्येय को दोहराते हुए प्रदेश की प्रगति और ऊर्जा क्षेत्र में हो रहे सुधारों का भी जिक्र किया।
इस दौरान विवाह की रस्में पूरी भव्यता और शुद्धता के साथ संपन्न की गईं। समिति के अध्यक्ष अशोक पचेरवाल ने बताया कि गणेश स्थापना से लेकर तोरण, वरमाला और पाणिग्रहण संस्कार तक की समस्त रस्में विधि-विधान से पूरी हुईं। सम्मेलन स्थल पर हजारों लोगों के लिए प्रीतिभोज का भी आयोजन किया गया। इस पुनीत कार्य में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला की ओर से भी नव-विवाहित जोड़ों के सुखद भविष्य के लिए विशेष उपहार भेजे गए, जो आकर्षण का केंद्र रहे।
समिति द्वारा नव-दंपतियों के नए जीवन की शुरुआत के लिए उपहारों की झड़ी लगा दी गई। प्रत्येक जोड़े को भेंट स्वरूप सोने का मंगलसूत्र, सोने के कान के टॉप्स, नाक की लौंग, चांदी की पायल, और चांदी की बिछिया प्रदान की गई।
इसके साथ ही घरेलू उपयोग के लिए अलमारी, पलंग, बिस्तर, फ्रिज, कूलर, वाशिंग मशीन, बर्तन, गैस सिलेंडर, टेबल और कुर्सी समेत विभिन्न आवश्यक सामग्री उपहार में दी गई। अंत में अशोक पचेरवाल ने सभी अतिथियों और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।
सम्मेलन में संयोजक रामप्रसाद पचेरवाल व सूरजमल, उप-संयोजक राजेश खोड़ा, रामप्रसाद कलौंसिया, प्रेम प्रकाश ढंढोरिया, जमना देवी, गीता यादव, सरोज, संगीता दास, कोटा जिला अध्यक्ष नितिन सक्सेना, कोटा शहर अध्यक्ष राजेश चाँवरिया, बूंदी जिला अध्यक्ष अर्जुन डाबोडिया, बारां जिला अध्यक्ष लेखराज डागर और झालावाड़ जिला अध्यक्ष भगवान दास गहलोत, देवेंद्र पचेरवाल, सिकंदर पवार, लोकेश मेघवाल, देवेंद्र मेघवाल, यश पचेरवाल, चिराग खरारिया, कबीर धूलिया, अंकित चौहान, अर्जुन नरवाल, अजय टॉक, अजय पचेरवाल, रामप्रसाद कलोसिया, राजेश खांड़ा, महेश घेंघट उपस्थित रहे।

