विश्वभर में सेवा के साथ धर्म जागरण अभियान चलाएगा जैन सोशल ग्रुप्स फेडरेशन

0
5

कोटा। गणिनी आर्यिका स्वस्ती भूषण माताजी के सान्निध्य में जैन सोशल ग्रुप्स इंटरनेशनल फेडरेशन एवं नॉर्दर्न रीजन जोन-6 के पदाधिकारियों ने भेंट कर श्रीफल अर्पित किया तथा उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व फेडरेशन के अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष बिरेन के. शाह ने किया।

इस अवसर पर आर्यिका स्वस्ती भूषण माताजी ने कहा कि जैन सोशल ग्रुप्स इंटरनेशनल फेडरेशन विश्वभर में समाजसेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य कर रही है, लेकिन अब समय की आवश्यकता है कि सेवा गतिविधियों के साथ आध्यात्म, भक्ति और धर्म प्रभावना को भी संगठित रूप से आगे बढ़ाया जाए।

उन्होंने कहा कि ऐसे प्रकल्प और कार्यक्रम संचालित किए जाएं, जिनसे समाज विशेषकर नई पीढ़ी जैन धर्म के सिद्धांतों, संस्कारों और जीवन मूल्यों से जुड़ सके तथा धर्ममार्ग पर अग्रसर हो।

माताजी ने अपने मार्गदर्शन में संचालित ‘स्मार्ट परिवार कार्यशाला’ को फेडरेशन की गतिविधियों में शामिल करने का सुझाव देते हुए कहा कि यह प्रकल्प परिवारों में संस्कार, संवाद, पारिवारिक मूल्यों एवं वैवाहिक जीवन की मजबूती के लिए अत्यंत उपयोगी सिद्ध हो रहा है।

उन्होंने कहा कि फेडरेशन इस कार्यशाला के माध्यम से समाज में टूटते रिश्तों, पारिवारिक विघटन और वैवाहिक जीवन की चुनौतियों के समाधान के लिए प्रभावी पहल कर सकता है। आवश्यकता पड़ने पर वे स्वयं भी ऐसे आयोजनों में उपस्थित होकर लोगों को प्रेरित करेंगी।

आर्यिका श्री ने जैन समाज से जुड़े विभिन्न पेशेवर वर्गों डॉक्टरों, इंजीनियरों, अधिवक्ताओं, चार्टर्ड अकाउंटेंट्स तथा अन्य विशेषज्ञों का एक राष्ट्रीय सम्मेलन आयोजित करने का भी सुझाव दिया, जिससे समाज की बौद्धिक एवं व्यावसायिक क्षमता को सेवा और संगठन के कार्यों से जोड़ा जा सके।

फेडरेशन के अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष बिरेन के. शाह ने आर्यिका श्री के सभी सुझावों को स्वीकार करते हुए कहा कि फेडरेशन के विश्व में 70 हजार दम्पती सदस्य हैं, जिनके सहयोग से संगठन समाजसेवा के साथ आध्यात्मिक एवं संस्कार आधारित गतिविधियों को भी अपनी प्राथमिकता बनाएगा।

उन्होंने ‘स्मार्ट परिवार कार्यशाला’ सहित विभिन्न प्रस्तावों के क्रियान्वयन के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने तथा पेशेवर सम्मेलन आयोजित करने की दिशा में शीघ्र पहल करने का विश्वास दिलाया।

पूर्व संयुक्त सचिव अनिल काला ने बताया कि प्रतिनिधिमंडल में फेडरेशन के पूर्व अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष कमल संचेती, नॉर्दन रीजन के पदाधिकारी सुनील पहाड़िया, नॉर्दर्न रीजन के पूर्व वाइस चेयरमैन मनीष जैन, विनोद टोरडी, नरेश जैन वेद, मनोज जैसवाल कपिल आगम, सुशील बिलाला सहित अनेक पदाधिकारी उपस्थित रहे।