वियना रहने के लिए दुनिया में सबसे बेहतरीन शहर, मुंबई 119वें नंबर पर

1151

नई दिल्ली। दुनिया में रहने के लिए सबसे बेहतरीन शहरों की सूची में ऑस्ट्रिया के शहर वियना ने बाजी मारी है। जबकि भारत की राजधानी दिल्ली इस सूची में छह पायदान खिसककर 118वें स्थान पर आ गई है। यह हुआ है दिल्ली में बढ़ते अपराधों और हवा की गिरती गुणवत्ता के चलते।

इकोनॉमिस्ट इंटेलीजेंस यूनिट की रिपोर्ट के मुताबिक, वियना लगातार दूसरी बार टॉप पर रहा है। एशियाई शहरों में से सबसे बड़ी गिरावट दिल्ली के रैंक में हुई है, जबकि अन्य भारतीय शहर मुंबई दो पायदान नीचे गिरकर 119वें स्थान पर आ गया है। इस सूची में 140 देशों को शामिल किया गया है।

इन कारणों से घटी मुंबई और दिल्ली की रैंकिंग
रिपोर्ट के मुताबिक, मुंबई के सांस्कृतिक स्काेर में गिरावट के चलते शहर की रैंक गिरी है, जबकि दिल्ली इस इंडेक्स में इसलिए पिछड़ गया है क्योंकि यहां सांस्कृतिक, पर्यावरणीय स्कोर में तो गिरावट हुई ही है, साथ ही यहां अपराधों की दर बढ़ने से स्टेबिलिटी स्कोर में भी गिरावट दर्ज की गई है।

इकोनॉमिस्ट इंटेलीजेंस यूनिट ने भारत में हाल के वर्षों में पत्रकारों के साथ होने वाले दुर्व्यवहार में इजाफे का भी जिक्र किया। रिपोर्ट में बताया गया कि इसके चलते Reporters Without Borders’ Press Freedom Index में भारत की रैंकिंग गिरी है और अब भारत इसमें सबसे निचले पायदान पर आ गया है।

रहने के लिहाज से ये हैं शीर्ष 10 शहर

  1. वियना, ऑस्ट्रिया
  2. मेलबर्न, ऑस्ट्रेलिया
  3. सिडनी, ऑस्ट्रेलिया
  4. ओसाका, जापान
  5. कैलगरी, कनाडा
  6. वैनकूवर, कनाडा
  7. टोरंटो, कनाडा
  8. टोक्यो, जापान
  9. कोपेन हैगेन, डेनमार्क
  10. एडिलेड, ऑस्ट्रेलिया