वित्त मंत्री ने पेश किया आर्थिक सर्वेक्षण, FY22 में GDP ग्रोथ 11% रहने की उम्मीद

0
335

नई दिल्ली। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने आर्थिक सर्वे 2020-21 पेश किया। इसमें देश की वर्तमान आर्थिक स्थिति के बारे में बताया गया। सर्वे में आर्थिक वृद्धि दर तेज करने के लिए अपनाए जा सकने वाले उपायों का भी जिक्र किया गया है।

आर्थिक सर्वेक्षण के मुताबिक, नए वित्त वर्ष में आर्थिक वृद्धि दर में तेज उछाल आने की संभावना है। कोरोनावायरस के चलते वित्त वर्ष 2021 में आर्थिक वृद्धि दर शून्य से नीचे चली गई थी। जून तिमाही में GDP सालाना आधार पर 23.9% घट गया था। सितंबर तिमाही में इसमें 7.5% की गिरावट आई थी।

वित्त वर्ष 2021 में आर्थिक वृद्धि दर -7.7% रह सकती है
आर्थिक सर्वेक्षण के मुताबिक वित्त वर्ष 2021 में आर्थिक वृद्धि दर -7.7% रह सकती है। उसमें नए वित्त वर्ष में V शेप वाली तेज रिकवरी होने की उम्मीद जताई गई है। आर्थिक सर्वेक्षण के मुताबिक, वित्त वर्ष 2022 में GDP ग्रोथ रेट 11% रह सकता है।