डॉक्टर्स और सीए का हुआ सम्मान; गौ-सेवा, पौधारोपण तथा कच्ची बस्ती में बांटे फूड पैकेट
कोटा। लायंस क्लब कोटा साउथ ने नए लायन वर्ष 2026-27 का शुभारंभ गणेश पूजन, समाज सेवा, सम्मान एवं पर्यावरण संरक्षण के विविध रचनात्मक कार्यक्रमों के साथ उत्साहपूर्वक किया। कार्यक्रम की शुरुआत में क्लब अध्यक्ष सुधा शर्मा ने सभी आगंतुक अतिथियों का आत्मीय स्वागत किया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि पीएमजेएफ पीडीजी लायन राजेंद्र अग्रवाल ने नई पीएसटी (अध्यक्ष, सचिव, कोषाध्यक्ष) टीम को बधाई देते हुए सेवा कार्यों के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम का कुशल संयोजन डॉक्टर ओपी बवेजा द्वारा किया गया।
इनका हुआ सम्मान
‘राष्ट्रीय डॉक्टर्स डे’ एवं ‘चार्टर्ड अकाउंटेंट (सीए) डे’ के विशेष अवसर पर क्लब द्वारा समाज में उत्कृष्ट योगदान देने वाले चिकित्सकों और सीए का सम्मान कर उनके प्रति कृतज्ञता व्यक्त की गई। सम्मानित होने वालों में शहर के प्रतिष्ठित चिकित्सक डॉ. केके पारीक, डॉ. मोती लाल बुनकर, डॉ. आरके सोनी, डॉ. नेहा वशिष्ठ, डॉ. आशीष शर्मा, डॉ. जीएस ढिल्लन तथा सीए दीपक सिंघल, सिद्धार्थ जैन, पल्लवी व्यास, अंकित गुप्ता और सीएमए सत्यनारायण मित्तल शामिल रहे।
इसके साथ ही क्लब के वरिष्ठ सदस्य डॉ. ओपी बावेजा, डॉ. पीएल अग्रवाल, डॉ. उमेश ठाकर, डॉ. अमित नंदवाना, डॉ. संजय मलिक और जगदीश शर्मा का भी बहुमान किया गया। इस गरिमामयी समारोह में लगभग 40 क्लब सदस्य उपस्थित रहे।
गौ-सेवा, पौधारोपण और अन्नदान का संकल्प
समारोह के उपरांत क्लब सदस्यों ने गौशाला पहुंचकर गौमाताओं को चारा खिलाया और समाज में करुणा का संदेश दिया। पर्यावरण एवं स्वास्थ्य संवर्धन के उद्देश्य से औषधीय प्रजातियों के 10 पौधों का रोपण किया गया और उनके संरक्षण का सामूहिक संकल्प लिया गया। दिन के अंतिम चरण में सेवा भावना को आगे बढ़ाते हुए अहिंसा सर्किल के पास स्थित कच्ची बस्ती में 50 जरूरतमंद परिवारों को फूड पैकेट्स वितरित किए गए।
कार्यक्रम के समापन पर क्लब सचिव डॉ. अनामिका ने सभी का आभार व धन्यवाद प्रकट किया। क्लब अध्यक्ष सुधा शर्मा, सचिव डॉ. अनामिका और कोषाध्यक्ष लायन प्रतिभा गुप्ता सहित सभी सदस्यों ने संकल्प लिया कि “जहाँ सेवा, वहाँ लायंस” की भावना के साथ पूरे वर्ष मानव सेवा, स्वास्थ्य और सामाजिक सरोकारों के कार्य निरंतर जारी रहेंगे।

