रोशनी एवं संगीत के साथ शिव तांडव व सेना के शौर्य के नजारे देख दर्शक हुए मंत्रमुग्ध

0
16

कोटा। Laser show at Dussehra fair Kota: राष्ट्रीय दशहरा मेले में दूसरे दिन भी शनिवार को कोटा का आसमान अद्भुत रोशनी और आधुनिक तकनीक के अनूठे संगम का साक्षी बना। मेले के मुख्य आकर्षण का केंद्र रहे विजयश्री रंगमंच पर आयोजित भव्य लेजर शो ने उपस्थित जनसैलाब को पूरी तरह मंत्रमुग्ध कर दिया।

शाम ढलते ही जैसे ही रंग-बिरंगी लेजर किरणें आकाश में बिखरीं, संगीत की मधुर धुनों के साथ उनकी बेहतरीन जुगलबंदी ने पूरे परिसर को एक जादुई और अलौकिक आवरण में लपेट लिया। कार्यक्रम के शुभारंभ विजयश्री रंगमंच पर महापौर अनुसूइया गोस्वामी के द्वारा किया गया।

शो का आगाज भगवान शिव तांडव और सेना के शौर्य को शिव की आराधना और भक्तिमय वातावरण के साथ हुआ। आधुनिक लेजर रोशनी के माध्यम से जैसे ही ‘शिव तांडव’ और ‘शिव चालीसा..’ की धुनों पर आकृतियां उभरनी शुरू हुईं, पूरा विजयश्री रंगमंच भक्ति रस में सराबोर हो उठा और पूरा परिसर ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष से गूंज उठा।

इसके पश्चात लेजर तकनीक के माध्यम से देशभक्ति और भारत के गौरवशाली इतिहास का विहंगम दृश्य प्रस्तुत किया गया। “आजाद रहें आबाद रहे, तारों को छू ले तिरंगा…” की पंक्तियों के साथ भारतीय सेना के अदम्य शौर्य, भारत के महान महापुरुषों के योगदान और अंतरिक्ष विज्ञान में देश की ऐतिहासिक उपलब्धि ‘मंगल मिशन’ को आसमान में उकेरा गया, जिसे देखकर दर्शक गर्व और रोमांच से भर उठे।

विशेष बीम साउंड और लाइट शो के दौरान जब “चल छैयां छैयां…”, “सबसे आगे होंगे हिंदुस्तानी…” और “जय हो…” जैसे प्रसिद्ध संगीतमय तरानों की धुनों पर रंग-बिरंगी लेजर किरणें थिरकीं, तो एक अलौकिक और जादुई दृश्य निर्मित हो गया। रोशनी और संगीत के इस अद्भुत खेल ने बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी दर्शकों की धड़कनें थाम लीं। दर्शक इस शानदार और अविस्मरणीय नजारे को अपने मोबाइल और कैमरों में कैद करने के लिए उत्सुक नजर आए।