रिकॉर्ड हाई पर बंद बाजार, पहली बार सेंसेक्स 57,600 और निफ्टी 17,100 के पार

0
696

मुंबई। कारोबारी होफ्ते के दूसरे दिन यानी मंगलवार को बाजार में शानदार तेजी देखने को मिली। सेंसेक्स ने 57,625 और निफ्टी ने 17,153 पॉइंट का रिकॉर्ड स्तर छुआ और अंत में सेंसेक्स 662 अंक चढ़कर 57,552 पर और निफ्टी 201 अंक चढ़कर 17,132 पर बंद हुआ। इससे पहले सेंसेक्स 56,995.15 पर और निफ्टी 16,947 पर खुला था।

बाजार में जमकर खरीदारी देखने को मिली। सेंसेक्स के 30 में से 26 शेयर्स में खरीदारी हुई, जबकि 4 शेयर्स में गिरावट रही। जिसमें भारती एयरटेल के शेयर 7.71% की तेजी के साथ 662 पर बंद हुए। बजाज फाइनेंस के शेयर 5.8% की तेजी के साथ बंद हुए। वहीं नेस्ले इंडिया के शेयर में 1.29% की गिरावट रही।

BSE का मार्केट कैप 250 लाख करोड़ रुपए के पार
BSE पर 3,341 शेयर्स में कारोबार हुआ। जिसमें 1,571 शेयर्स बढ़त के साथ और 1,625 शेयर्स लाल निशान में बंद हुए। इसी के साथ BSE पर लिस्टेड कंपनियों का कुल मार्केट कैप पहली बार 250 लाख करोड़ रुपए के पार पहुंच गया है। इससे पहले सोमवार को सेंसेक्स 765 अंक चढ़कर 56,890 पर और निफ्टी 226 अंक चढ़कर 16,931 पर बंद हुआ था।

BSE पर 313 शेयर्स में अपर सर्किट लगा
BSE पर कारोबार के दौरान 203 शेयर्स 52 हफ्तों के ऊपरी स्तर पर और 21 शेयर्स 52 हफ्तों के निचले स्तर पर कारोबार करते दिखे। इसके अलावा 313 शेयर्स में अपर सर्किट लगा तो वहीं 219 शेयर्स में लोअर सर्किट लगा।