राहुल गांधी के स्वागत के लिए आज कोटा पहुंच रहे कई दिग्गज कांग्रेसी नेता

198

-कृष्ण बलदेव हाडा-
कोटा।
भारत जोड़ो यात्रा पर निकले कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी के स्वागत के लिए आज बड़ी संख्या में कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता कोटा पहुंच रहे हैं जहां से वे उनका स्वागत करने के लिए झालावाड़ जायेंगे। राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह सहित राज्य के कई मंत्रियों और कांग्रेस नेताओं के कोटा आने का कार्यक्रम है।

राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत विशेष विमान से दोपहर करीब 1.30 बजे कोटा पहुंचेंगे और यहां से भी हेलीकाप्टर से झालावाड़ के लिये रवाना हो जायेंगे। मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह भी आज दोपहर ही विशेष विमान से कोटा आ रहे हैं, वे भी यहां से झालावाड़ जाएंगे। इसके अलावा कई अन्य मंत्री और वरिष्ठ नेता भी सड़क मार्ग और अन्य साधनों से आज कोटा आ रहे हैं और वे सभी राहुल गांधी से स्वागत के लिए झालावाड़ के चंवली में उपस्थित रहेंगे, जहां से मध्य प्रदेश के बाद श्री गांधी की यात्रा राजस्थान में प्रवेश कर रही है।

अधिकारिक सूत्रों ने आज बताया कि सड़क मार्ग से कोटा होकर झालावाड़ जाने वाले कांग्रेस के नेताओं-मंत्रियों में पूर्व उपमुख्यमंत्री श्री सचिन पायलट, खाद्य मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास,परिवहन राज्य मंत्री बृजेंद्र सिंह ओला, तकनीकी शिक्षा राज्य मंत्री सुभाष गर्ग, सहकारिता मंत्री उदयलाल आंजना, ऊर्जा राज्यमंत्री भंवर सिंह भाटी, उच्च शिक्षा राज्य मंत्री राजेंद्र यादव, कृषि विपणन राज्यमंत्री मुरारी लाल मीणा, विप्र कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष महेश शर्मा, वंशावली संरक्षण संवर्धन बोर्ड के अध्यक्ष राम सिंह राव, वक्फ़ बॉर्ड के अध्यक्ष खान बुधवाली, राजस्थान सीड्स कॉरपोरेशन लिमिटेड के अध्यक्ष धीरज गुर्जर, केश कला बोर्ड के अध्यक्ष महेंद्र गहलोत, राज्य क्रीड़ा परिषद के उपाध्यक्ष सतवीर चौधरी, राज्यसभा सदस्य नीरज डांगी शामिल हैं।