राष्ट्रीय राजमार्गों पर टोल वसूली स्थगित, गडकरी का ऐलान

    2078

    नई दिल्ली। देश में कोरोना वायरस के संक्रमण को देखते हुए सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने बुधवार कहा कि आपात सेवाओं का काम आसान करने के लिए देश में अस्थायी तौर पर राष्ट्रीय राजमार्गों पर टोल नहीं लिया जाएगा। केंद्रीय मंत्री ने अपनी घोषणा में कहा, ‘कोविड-19 को देखते हुए आदेश दिया जाता है कि देश के सभी टोल प्लाजा पर टोल लेने का काम बंद किया जाए।’ उन्होंने कहा कि इससे आपात सेवाओं के काम में लगे लोगों को जरूरी समय बचाने में मदद मिलेगी।

    इसके अलावा गडकरी ने अपने ट्वीट में लिखा- सड़कों के रखरखाव और टोल प्लाजा पर आपातकालीन संसाधनों की उपलब्धता हमेशा की तरह जारी रहेगी। दरअसल, देश में 21 दिनों का लॉकडाउन 14 अप्रैल तक चलेगा। इस दौरान हाइवे और प्रदेशें की सीमाएं सील कर दी गई हैं। केवल आपातकालीन वाहनों को ही आने-जाने की अनुमति है।

    केवल जरूरी वस्तुओं की सप्लाई करने वाले ट्रक, अनिवार्य सेवाओं से संबंधित सरकारी वाहन और एंबुलेंस ही आ-जा रही हैं। यही नहीं पुलिस इक्का-दुक्का प्राइवेट कारों को ही वाजिब कारण बताने पर हाईवे पर जाने की अनुमति दे रही है। ऐसे में टोल नहीं लेने से आपात काल सेवाओं में लगे लोगों को फायदा होगा और वे कम समय में बिना कहीं रुके सुचारू रूप से सेवा दे पाएंगे।