Ramayana Box Office: पहले 3 घंटे में ही कमा लिए ₹17 करोड़, US में टूटा रिकॉर्ड
मुंबई। आखिरकार इंतजार की घड़ियां खत्म हो चुकी हैं। रणबीर कपूर, साई पल्लवी और यश की ‘रामायणम् पार्ट 1’ 100 से अधिक देशों में 50000 से अधिक स्क्रीन्स पर रिलीज हो गई है। अकेले भारत में इसे 9,000 स्कीन्स पर रिलीज गया है। इतने बड़े पैमाने पर आजतक कोई भारतीय फिल्म रिलीज नहीं हुई है। ऐसे में फिल्म की कमाई से उम्मीदें भी बहुत ज्यादा हैं।
सुबह के शोज में इसका असर भी दिख रहा है। देश में सुबह के शोज के औसतन 20% से अधिक सीटों पर दर्शक नजर आ रहे हैं, जबकि IMAX स्क्रीन्स करीब-करीब हाउसफुल हैं। सुबह 11 बजे तक आए आंकड़ों में फिल्म ने ₹14.24 करोड़ की नेट कमाई कर ली है।
दर्शकों की भीड़ दोपहर, शाम और रात के शोज में और बढ़ने वाली है। खास बात यह है कि रिलीज से पहले देश में ₹50 करोड़ की ग्रॉस एडवांस बुकिंग भी हुई है। आइए, समझते हैं कि ‘रामायणम्’ पहले दिन देश और विदेश में कितनी कमाई कर सकती है।
गुरुवार, 5 नवंबर को सुबह 10 बजे तक ‘रामायणम्’ ने हिंदी वर्जन के 5519 शो से ₹10.29 करोड़, कन्नड़ के 393 शोज से ₹1.88 करोड़, तेलुगू के 508 शोज से ₹1.38 करोड़, तमिल के 244 शो से ₹49 लाख और मलयालम के 132 शोज से ₹20 लाख की कमाई कर ली है। इस तरह सुबह की पहली धूप के साथ ही फिल्म का ग्रॉस कलेक्शन ₹16.80 करोड़ हो चुका है। यानी करीब ₹17 करोड़ की कमाई हो चुकी है।
वर्ड ऑफ माउथ से बढ़ेगी कमाई
इसमें कोई दोराय नहीं है कि ‘रामायणम् पार्ट 1’ पहले दिन बॉक्स ऑफिस पर धूम मचाने वाली है। हालांकि, इस पर दिवाली के त्योहार का असर भी पड़ेगा, क्योंकि यह ऐसा उत्सव है, जिसमें लोग घरों में व्यस्त रहते हैं। ऐसे में यह समय बॉक्स ऑफिस पर कमाई के लिहाज से बहुत फायदेमंद नहीं माना जाता है। लेकिन ‘रामायणम्’ को लेकर सुबह के शोज में ही जैसा रेस्पॉन्स आया है, यह फिल्म ऐतिहासिक अपवाद बनने की तैयारी में है। फिल्म् को दर्शकों से शुरुआती तौर पर अच्छे रिव्यूज मिले हैं। खासकर VFX की तारीफ हो रही है। रावण और जटायु की भिड़ंत वाले सीन ने दर्शकों को कायल बना दिया है। यह वर्ड ऑफ माउथ फिल्म के लिए बहुत फायदेमंद साबित होने वाला है। इससे ऑनसाइट टिकट बुकिंग भी बढ़ेगी।
रामायणम्’ की एडवांस बुकिंग
नितेश तिवारी के डायरेक्शन में बनी ‘रामायणम्’ रिलीज से पहले एडवांस बुकिंग में ही पहले दिन के लिए देश में 14.05 लाख टिकट बेच चुकी है। इससे ₹50.08 करोड़ की ग्रॉस कमाई हुई है। मेकर्स ने एकसाथ अगले 5 दिनों के लिए प्री-सेल्स बुकिंग शुरू कर दी थी। यानी 9 नवंबर तक की एडवांस बुकिंग पर नजर डालें तो यह गुरुवार सुबह 7 बजे तक ₹80.61 करोड़ तक पहुंच चुकी है। हिंदी भाषी बाजारों में फिल्म की सबसे ज्यादा मांग है, जबकि उसके बाद कन्नड़ और तेलुगू वर्जन की बुकिंग सबसे तेजी से बढ़ रही है। पांच दिनों की एडवांस बुकिंग में सबसे अधिक 82% कमाई हिंदी वर्जन से हुई है।
रामायणम्’ का बजट और टिकटों की कीमत
नमित मल्होत्रा और यश के प्रोडक्शन में बनी ‘रामायणम् पार्ट 1’ का बजट ₹2000 करोड़ है। जबकि इसके तीनों पार्ट का कुल बजट ₹4000 करोड़ है। इसकी भरपाई के लिए टिकटों की कीमत भी बढ़ाई है। फिल्म के टिकटों की सिंगल स्क्रीन्स थिएटर में औसत कीमत ₹200 है। जबकि मल्टीप्लेक्सेज में यह ₹350 से ₹500 तक है। IMAX, 3D और 4DX फॉर्मेट की टिकटें ₹700 से ₹1000 तक हैं। जबकि प्रीमियम और लग्जरी फॉर्मेट की टिकटों की कीमत ₹3100 रुपये तक रखी गई है। हालांकि, इसके बावजूद फिल्म को लेकर क्रेज दिख रहा है। अकेले PVR-INOX की नेशनल चेन में ही ₹25 करोड़ से अधिक की एडवांस बुकिंग हुई है।

