राजस्थान सरकार ने नहीं भरा 37 लाख किसानों का फसल बीमा प्रीमियम

629

जयपुर। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना में राज्य सरकार की ओर से प्रीमियम की राशि जमा नहीं करवाए जाने के मुद्दे पर सदन में जबरदस्त हंगामा हुआ। विरोध में भाजपा ने प्रश्नकाल के दौरान सदन से वाॅकआउट भी किया। भाजपा ने आरोप लगाया कि प्रदेश के 37 लाख किसान रबी और खरीफ के फसल बीमा से वंचित हो गए हैं। सरकार ने प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के लिए अपने हिस्से का 1377 करोड़ रुपए प्रीमियम जमा नहीं करवाया।

सवाल : उपनेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़- राज्य सरकार बीमा का प्रीमियम जमा नहीं करवाएगी तब तक किसानों को बीमा क्लेम नहीं मिल सकता।
जवाब: कृषि मंत्री लाल चंद कटारिया- हमने मार्केटिंग बोर्ड के जरिए ओरिएंटल इंश्योरेंस से 500 करोड़ रुपए का लोन लिया है। इसमें 100 करोड़ रुपए आज जारी कर दिए गए हैं और 400 करोड़ रुपए अगले 15 दिनों में प्रीमियम के रूप में जमा करवा दिए जाएंगे।

सवाल :राजेंद्र राठौड़- : क्या प्रदेश के 12 लाख किसानों के क्लेम बकाया पड़े हैं?
जवाब: मंत्री- आप सही संख्या बता रहे हैं।

सवाल: गुलाबचंद कटारिया : सीधा बताइए 2019 की खरीफ-रबी फसल के लिए बीमा प्रीमियम का पैसा जमा करवा दिया या नहीं? करवाया है तो कितना?
जवाब: मंत्री- 2018-19 के आंकड़े गिनवाने लगे। (भाजपा 2019 के आंकड़े बताने की मांग पर अड़ गई।) हंगामा बढ़ने लगा तो स्पीकर ने मंत्री को बैठा दिया। भाजपा नेता नाराज हो गए और सदन से सांकेतिक वाॅकआउट कर दिया।