राजस्थान में पहले भी भगवा लहराया था और इस बार भी भगवा ही लहराएगा : कंगना रनौत

22

जोधपुर। Lok Sabha Election 2024: हिमाचल प्रदेश की मंडी लोकसभा सीट से भाजपा की उम्मीदवार कंगना रनौत ने राजस्थान के जोधपुर में हुंकार भरी। कंगना ने कहा कि मेरा डीएनए राजस्थान का है। जय श्रीराम का उद्घोष करते हुए कंगना ने कहा कि यहां पहले भी भगवा लहराया था और इस बार भी भगवा ही लहराएगा।

भारतीय जनता पार्टी के जोधपुर सीट से उम्मीदवार गजेंद्र सिंह शेखावत के समर्थन में चुनावी रैली करने पहुंचीं अभिनेत्री और हिमाचल प्रदेश की मंडी लोकसभा सीट से पार्टी की उम्मीदवार कंगना रनौत ने कहा कि राजस्थान में भगवा लहर चल रही है।

राजस्थानी पगड़ी पहनकर लोगों को संबोधित करते हुए कंगना ने कहा कि सभा में लहरा रहे भगवा ध्वज और भाजपा के झंडे गवाह हैं कि राजस्थान में भगवा लहर चल रही है। यहां पहले भी भगवा लहराया था और इस बार भी उसे दोहराया जाएगा। कंगना ने पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ भारत माता की जय और जय श्रीराम के नारे भी लगाए।

कंगना ने कहा कि जोधपुर की जनता को भाजपा में पूरा विश्वास है। यहां इस बार भी भगवा ही लहराएगा। मुझे यहां के लोगों में ऊर्जा और बीजेपी के लिए प्यार साफ दिखाई दे रहा है। कंगना ने पाली सीट से भाजपा उम्मीदवार पीपी चौधरी के लिए भी लोगों से वोट मांगी।

उन्होंने कांग्रेस पर उनका चरित्र हनन करने का आरोप भी लगाया। कहा कि कांग्रेस ने अशोभनीय टिप्पणी कर उनका चरित्र हनन किया, लेकिन उनके सैनिक भाइयों ने उसका मुंहतोड़ जवाब दिया। कंगना ने कहा कि उनका डीएनए राजस्थान का है।

बता दें कि कांग्रेस की सुप्रिया श्रीनेत ने राजनीति में उतरने पर कंगना रनौत के खिलाफ काफी आपत्तिजनक टिप्पणी की थी, जिसपर विवाद मच गया था। विवाद के बाद सुप्रिया ने एक वीडियो के जरिए स्पष्टीकरण दिया था कि उनकी जानकारी में लाए बिना किसी ने उनके टि्वटर हैंडल से कंगना के खिलाफ पोस्ट कर दिया था। इस विवाद के बाद कांग्रेस ने सुप्रिया के उत्तर प्रदेश के महाराजगंज सीट से उनकी उम्मीदवारी रद कर दी थी। सुप्रिया ने 2019 में इस सीट से लोकसभा चुनाव लड़ा था।