राजस्थान में नहीं लगेगा लॉकडाउन, कोरोना गाइडलाइन की पालना जरूरी-गहलोत

0
561

जयपुर। प्रदेश में जहां एक ओर कोरोना संक्रमण तेजी से बढ़ता दिखाई दे रहा है। वहीं इसी बीचमुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने इसे लेकर चिंता जताई है। गहलोत ने कोरोना बचाव के उपायों को लेकर बरती जा रही लापरवाही को लेकर अपनी बात रखी है। उन्होंने कहा कि कोरोना से बचाव को लेकर जनता लापरवाह हो गई है। ऐसा नहीं होना चाहिए।

गहलोत ने कहा है कि कोरोना की दूसरी लहर सभी के लिए चुनौती है, इसे भी गंभीरता से लेना होगा। आपको बता दें कि गहलोत शनिवार को मुख्यमंत्री निवास से वीडियो कॉंफ्रेंस के माध्यम से प्रदेश के विभिन्न स्थानों पर चिकित्सालयों एवं चिकित्सा संस्थानों में 55 करोड़ रुपए से अधिक लागत के 16 कार्यों का लोकार्पण और 2 कार्यों का शिलान्यास करने के बाद संबोधित कर रहे थे। इसी दौरान उन्होंने कोरोना महामारी को लेकर भी अपने विचार रखे।

लॉकडाउन को लेकर किया रुख साफ
उल्लेखनीय है कि प्रदेश में बढ़ रहे केसेज के बाद से लगातार प्रशासन और सीएम गहलोत जनता को चेता रहे हैं। प्रदेश में इसी क्रम में नाइट कर्फ्यू भी लगाया गया है। माना जा रहा था कि सरकार आगामी दिनों में हालातों को देखते हुए कर्फ्यू लगा सकती है। लेकिन अब इस मामले में सीएम गहलोत ने खुद सरकार का रुख साफ कर दिया है। गहलोत का कहना है कि लॉकडाउन बहुत खतरनाक है, इससे रोजगार भी बंद हो जाता है। लिहाजा राज्य सरकार को लॉकडाउन के बजाय सख्ती तो करनी पड़ेगी।

आंकड़ा पहुंचा 800 के पार
आपको बता दें कि प्रदेश में लगातार कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा बढ़ाता दिखाई दे रहा है। शनिवार को आए आंकड़ों के अनुसार प्रदेश में कुल 853 मरीजों की पुष्टि हुई है। वहीं एक्टिव केसेज की बात करें, तो वो अब 6000 के पार हो गई है। प्रदेश में फिलहाल 6358 एक्टिव केस हो गए है, जो चिंता का विषय है।