राजस्थान / गली-मोहल्ले में मिलेगा इलाज, गहलोत ने जनता क्लिनिक की दी सौगात

663

जयपुर। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की बजट घोषणा के अनुरूप बुधवार को गली-मोहल्ले में घर के नजदीक इलाज के लिए जनता क्लिनिक का शुभारंभ किया। जयपुर में 12 स्थान फाइनल कर दिए गए हैं। इन 12 स्थानों से शुरूआत कर दूसरे और तीसरे फेज में जनता क्लिनिक की संख्या बढ़ाएंगे।

सबसे पहले वे इलाके चयनित किए गए हैं, जिनके आस पास कोई चिकित्सा सुविधा नहीं हैं। अभी मुरलीपुरा, प्रताप नगर प्रथम और प्रताप नगर द्वितीय, झालाना बस्ती, वन विहार काॅलोनी, हसनपुरा बस्ती, तोपखाना, सांगानेर, जवाहर नगर बस्ती, जालूपुरा, विद्याधर नगर और वाल्मीकि बस्ती मालवीय नगर सेक्टर एक में शुरू किए जाएंगे।

6 लोगों का स्टाफ लगाया जाएगा
प्रत्येक जनता क्लिनिक के एक माह संचालन पर करीब 6 से 8 लाख रुपए प्रति माह का खर्च आएगा। प्रत्येक पर 6 का स्टाफ लगाया जाएगा। तीन माह सफल संचालन के बाद प्रदेश में काम कर रही विभिन्न कंपनियों से उनकी सीएसआर फंड की राशि भी ली जाएगी।