राजस्थान के 15 जिलों में अंधड़, मेघगर्जन की चेतावनी

0
678

जयपुर। प्रदेश के मौसम में बढ़ रही गर्माहट पर फिर से ब्रेक लगने की संभावना है। मौसम विभाग ने अगले 48 घंटे में प्रदेश में राजधानी जयपुर समेत 15 से ज्यादा जिलों में 30 से 40 किलोमीटर प्रतिघंटे की गति से अंधड़ चलने और कुछ इलाकों में मेघगर्जन के साथ हल्की बौछारें गिरने की आशंका के चलते यलो अलर्ट जारी किया है।

फिलहाल प्रदेश में पुरवाई हवा चल रही है जिसके कारण सुबह शाम में मौसम का मिजाज थोड़ा सर्द बना हुआ है लेकिन अगले 48 घंटे में मौसम में संभावित बदलाव के चलते दिन और रात के तापमान में गिरावट होने की आशंका है।

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार उत्तर पूर्वी पाकिस्तान से लेकर हिमालय तराई क्षेत्र में पश्चिमी विक्षोभ का असर बना हुआ है। जिसके चलते अगले 48 घंटे में हिमालय क्षेत्र समेत जम्मू कश्मीर, पंजाब,हरियाणा,दिल्ली और चंडीगढ़ समेत प्रदेश में जयपुर,श्रीगंगानगर, बीकानेर,चूरू, झुंझुनूं,सीकर, नागौर,दौसा,करौली, अलवर,भरतपुर और धौलपुर में कहीं कहीं तेज गति से अंधड़ चलने और कुछ इलाको में हल्की बारिश के साथ ओलावृष्टि होने की आशंका है।

हालांकि अगले 48 घंटे बाद प्रदेश में मौसम साफ होने की उम्मीद है। लेकिन उत्तरी राज्यों में बदले मौसम के मिजाज व उत्तर पूर्वी हवा चलने पर प्रदेश के उत्तर पूर्वी इलाकों में पारे में गिरावट से मौस्म सर्द रहने की संभावना है।

बीते 24 घंटे में प्रदेश के पश्चिमी मैदानी इलाकों में दिन में पारा 35 डिग्री सेल्सियस से आगे बढ़ गया। राजधानी जयपुर में सोमवार सुबह करीब 15 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से पुरवाई हवा चली। लेकिन आसमान साफ रहने पर सुबह छह बजे शहर का अधिकतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रेकॉर्ड हुआ। स्थानीय मौसम केंद्र के अनुसार शहर में अगले 24 घंटे में छितराए बादल छाए रहने व दिन का तापमान 35 डिग्री सेल्सियस के आस पास रहने की संभावना है।