मेलानिया ट्रम्प दिल्ली के स्कूल में बच्चों से मिलेंगी

0
496

नई दिल्ली।अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प अपने परिवार के साथ 24 फरवरी को दो दिवसीय भारत दौरे पर आएंगे। अमेरिका की फर्स्ट लेडी मेलानिया ट्रम्प 25 फरवरी को दिल्ली के एक स्कूल की हैप्पीनेस क्लास में बच्चों से मुलाकात करेंगी।

सूत्रों के मुताबिक, अब मेलानिया के इस कार्यक्रम से दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया का नाम हटा दिया गया है। इससे पहले दोनों नेता मेलानिया के साथ मौजूद रहने वाले थे, क्योंकि यह स्कूल दिल्ली सरकार के अंतर्गत आता है। आम आदमी पार्टी ने केंद्र के दबाव में दोनों नेताओं का नाम हटाने का आरोप लगाया है।

ट्रम्प परिवार के दौरे का पहला पड़ाव अहमदाबाद होगा। पूरे शहर में प्रधानमंत्री मोदी के साथ ट्रम्प के पोस्टर लगाए गए हैं। ट्रम्प हाउडी मोदी की तर्ज पर यहां के मोटेरा स्टेडियम में नमस्ते ट्रम्प कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। इसके बाद ट्रम्प, उनकी पत्नी मेलानिया, बेटी इवांका और दामाद जैरेड के आगरा में ताजमहल देखने का भी कार्यक्रम तय है। यहां से वे दिल्ली जाएंगे और 25 फरवरी को कई कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे।

आगरा: ट्रम्प-मेलानिया के पोस्टर, मोदी का जाना तय नहीं
अहमदाबाद के बाद ट्रम्प परिवार के साथ ताजमहल देखने के लिए 24 फरवरी की शाम आगरा जाएंगे। इसके लिए उत्तर प्रदेश सरकार ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। पूरे शहर में मोदी-ट्रम्प, ट्रम्प-मेलानिया और अमेरिकी राष्ट्रपति को बधाई देते पोस्टर लगाए गए हैं। मीडिया रिपोर्ट में कहा गया कि ट्रम्प दंपती के साथ मोदी भी आगरा पहुंचेंगे।