मुद्रा भंडार 6.56 अरब डॉलर बढ़कर 561.08 अरब डॉलर पर पहुंचा

0
203

मुंबई। देश के विदेशी मुद्रा भंडार (forex reserve) में पिछले कई हफ्तों से गिरावट आ रही थी और गिरते-गिरते यह दो साल के न्यूनतम स्तर पर पहुंच गया था। लेकिन बीते हफ्ते इसमें तेजी आई। देश का विदेशी मुद्रा भंडार 28 अक्टूबर को समाप्त सप्ताह में 6.56 अरब डॉलर बढ़कर 561.08 अरब डॉलर हो गया। यह सितंबर 2021 के बाद विदेशी मुद्रा भंडार में सबसे बड़ा साप्ताहिक उछाल है।

भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) की तरफ से शुक्रवार को जारी आंकड़ों से यह जानकारी मिली है। पिछले दिनों देश के विदेशी मुद्रा भंडार में गिरावट का रुख देखा गया। इससे पिछले सप्ताह विदेशी मुद्रा भंडार 3.84 अरब डॉलर घटकर 524.52 अरब डॉलर रह गया था। एक साल पहले अक्टूबर, 2021 में देश का विदेश मुद्रा भंडार 645 अरब डॉलर के सर्वकालिक उच्चस्तर पर पहुंच गया था।

गोल्ड रिजर्व भी बढ़ा
आंकड़ों के अनुसार, मूल्य के संदर्भ में देश का स्वर्ण भंडार (gold reserves) 55.6 करोड़ डॉलर बढ़कर 37.76 अरब डॉलर हो गया। केंद्रीय बैंक ने कहा कि स्पेशल ड्रॉइंग राइट्स (SDR) 18.5 करोड़ डॉलर बढ़कर 17.62 अरब डॉलर हो गया है। इस बीच अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में शुक्रवार को अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपया 47 पैसे की तेजी के साथ 82.41 प्रति डॉलर पर बंद हुआ।

अंतरबैंक विदेशी मुद्रा बाजार में रुपया 82.85 पर खुला और घरेलू शेयर बाजार में तेजी के रुख के बीच 47 पैसे की तेजी के साथ 82.41 प्रति डॉलर पर बंद हुआ। पिछले कारोबारी सत्र में रुपया 82.88 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था। इस बीच, दुनिया की छह प्रमुख मुद्राओं की तुलना में डॉलर की कमजोरी या मजबूती को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.34 प्रतिशत घटकर 112.54 रह गया।