महिलाएं भी अब गंदे वाशरूम में खड़े होकर कर सकेंगी यूरिन, जानिए कैसे

0
1029

नई दिल्ली। दुनिया भर में आज ‘वर्ल्ड टॉयलट डे’ मनाया गया। इस मौके पर हम आपको एक ऐसी डिवाइस के बारे में बताने जा रहे हैं, जिससे महिलाओं के लिए पब्लिक वॉशरूम का इस्तेमाल करना आसान हो जाएगा। यह ‘stand and pee’ डिवाइस है, जिसे आईआईटी दिल्ली के छात्रों ने तैयार किया है और सोमवार को ही लॉन्च किया है।

Sanfe यानी Sanitation for female नाम का यह एक ऐसा डिवाइस है जिसके जरिए महिलाएं गंदे पड़े पब्लिक वॉशरूम्स में खड़े होकर टॉयलट कर सकेंगी। वन टाइम यूज वाले इस डिवाइस का दाम सिर्फ 10 रुपए है। इसे #StandUpForYourself कैंपेन के साथ लॉन्च किया गया है, जिसके तहत देशभर में महिलाओं काे एक लाख से अधिक सैंपल मुफ्त में बांटे जाएंगे।

गंदे वॉशरूम से होती हैं बीमारियां
यूरीनरी ट्रैक्ट इंफेक्शन जैसी महिलाओं को होने वाली कई बीमारियां गंदे पब्लिक बाथरूम का इस्तेमाल करने से होती हैं। इन बाथरूम का यूज करने वाली हर दो में से एक महिला को यह इंफेक्शन हो जाता है। इस बात को ध्यान में रखते हुए छात्रों ने यह डिवाइस तैयार किया है जिससे वे टॉयलेट सीट से उचित दूरी बनाए रखकर टॉयलेट कर सकेंगी। इससे वे इंफेक्शन से बचेंगे।

गर्भवती महिलाओं के लिए होगा मददगार
यह डिवाइस महिलाओं को ज्यादा देर तक टॉयलेट रोके रखने से भी मुक्त करेगा। महिलाओं को साफ-सुथरा बाथरूम ढूंढने के लिए कहीं भटकना नहीं पढ़ेगा। खासतौर से गर्भवती, दिव्यांग और अर्थराइटिस की मरीज महिलाओं को इससे काफी सहूलियत मिलेगी।

बायोडिग्रेडेबल है डिवाइस
यह डिवाइस वन टाइम यूज के लिए है। इसके बाद आप इसे सामान्य कचरे की तरह फेंक सकते हैं। इसकी सबसे अच्छी बात यह है कि यह बायोडिग्रेडेबल मैटेरियल से बना है, लिहाजा यह कचरे की समस्या को नहीं बढ़ाएगा। महिलाएं इसे अपने पीरियड्स के दौरान भी यूज कर सकती हैं।