महंगाई की मार/ रसोई गैस के दाम 150 रुपए तक बढे, नई कीमत लागू

574

नई दिल्ली। पहले से ही महंगाई की मार झेल रहे आम लोगों को एक और बड़ा झटका लगा है। देश की सबसे बड़ी ऑयल मार्केटिंग कंपनी इंडेन ने रसोई गैस सिलेंडर के दाम बढ़ा दिए हैं। इंडियन ऑयल की वेबसाइट पर जारी रेट्स के मुताबिक, बिना सब्सिडी वाले रसोई गैस सिलिंडर के दाम में करीब 150 रुपए का इजाफा हुआ है। सभी महानगरों में बिना सब्सिडी वाले 14 किलो के रसोई गैस सिलिंडर के दाम में 144.50 रुपए से 149 रुपए तक की बढ़ोतरी कर दी गई है, जो 12 फरवरी से लागू हो गई हैं।

इंडियन ऑयल के मुताबिक, अब दिल्ली में बिना सब्‍सिडी वाले गैस सिलेंडर 858.50 रुपए में मिलेंगे। वहीं, कोलकाता के ग्राहकों को 149 रुपए ज्यादा चुकाकर 896.00 रुपए के दाम पर सिलेंडर मिलेगा। इसी तरह मुंबई में 145 रुपए की बढ़ोतरी हुई है और अब यहां सिलेंडर की नई कीमत 829.50 रुपए हो गई है।

चेन्नई में गैस सिलेंडर का नया भाव 147 रुपए की बढ़ोतरी के साथ 881 रुपए हो गया है। आपको बता दें कि इससे पहले 1 जनवरी 2020 को रसोई गैस के दाम बढ़ाए गए थे। हर महीने सब्सिडी और मार्केट रेट में बदलाव होता है, लेकिन फरवरी की शुरुआत में कोई बदलाव नहीं किया गया था। आपको बता दें कि रसोई गैस के कुल 27.6 करोड़ के करीब उपभोक्ता हैं. इनमें से करीब दो करोड़ को सब्सिडी नहीं मिलती है।