मंत्री धारीवाल ने किया 32.15 करोड़ का आरओबी कोटा की जनता को समर्पित

1311

कोटा। शहर के विकास में सोमवार को एक और नया अध्याय जुड़ गया। स्वायत्त शासन मंत्री शांति धारीवाल ने 32.15 करोड़ की लागत से नवनिर्मित आरओबी का लोकापर्ण कर जनता को समर्पित किया।

मंत्री धारीवाल ने कहा कि पटरीपार क्षेत्र में रेलवे फाटक के कारण आवागमन के साथ-साथ विकास को गति नहीं मिल पा रही थी। अब रंगपुर तक बिना व्यवधान के यातायात सुगम हो सकेगा। उन्होंने कहा कि कोटा के प्रत्येक क्षेत्र का सर्वागींण व सुव्यवस्थित विकास हो, इसके लिए कार्य योजना बनाकर मूर्तरूप दिया जा रहा है। सभी क्षेत्रों में सड़क, पेयजल, बिजली व नाली, पटान के कार्य आम लोगों से चर्चा कर समय पर पूरे किए जाएंगे।

उन्होंने कहा कि किसी भी क्षेत्र के विकास के लिए आवगमन का सुचारू होना पहली प्राथमिकता है। इसके लिए आरओबी का निर्माण होने से पटरी पार क्षेत्र की एक दर्जन से अधिक कॉलोनियों में आम नागरिको को आवागमन में सुविधा मिलेगी तथा बसावटों का विस्तार हो सकेगा।

स्वायत्त शासन मंत्री ने कोटा शहर में प्रस्तावित विकास कार्यो की चर्चा करते हुए कहा कि अनन्तपुरा से लेकर भदाना तक आने वाले समय में किसी भी चौराहे पर रूकना नहीं पड़ेगा ये कार्य शुरू किए जा चुके हैं। उन्होंने शहर में विभिन्न स्थानों पर पार्किग की व्यवस्था, मार्गो का चौड़ाईकरण, चम्बल नदी में प्रस्तावित रिवरफ्रन्ट को कोटा के विकास का नया अध्याय बताया। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों के चलते किसी भी नागरिक को उजाडा नहीं जाएगा। बल्कि उसके पुनर्वास की पूरी व्यवस्था कर पारदर्शिता से कार्य कराए जाएंगे।

कोटा में तीसरी मंजिल तक 24 घंटे पानी मिलेगा
स्वायत्त शासन मंत्री ने कहा कि कोटा शहर में रियासत काल से चौबीस घंटे पेयजल सप्लाई किया जाता रहा है। व्यवस्था में कमी होने से शहर में पेयजल की समस्या आने लगी है। इसमें सुधार किया जा रहा हैं। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में तीसरी मंजिल तक बिना व्यवधान के 24 घंटे पानी मिल सके, इसके लिए कार्ययोजना बनाकर कार्य शुरू किया जा चुका है। शहर के प्रत्येक क्षेत्र में नागरिकों को निर्बाध पेयजल आपूर्ति की जाएगी। इससे पूर्व उन्होंने शिलापट्टिका का अनावरण कर आरओबी का लोकार्पण किया।

ये क्षेत्र होगें लाभान्वित
रंगपुर रोड़ पर गुडला सोगरिया बाईपास रेलवे लाइन पर आरओबी का निर्माण 32.15 करोड की लागत से किया गया है। जिसकी कुल लम्बाई 850 मीटर है, जिसमें 24 स्पान लगाये गये हैं। इसके बन जाने से पटरीपार क्षेत्र में भगतसिंह कॉलोनी, आर.के. कॉलोनी, रिद्धि-सिद्धि नगर, जेपी कॉलोनी, भदाना, रंगपुर, प्रताप कॉलोनी, सरस्वती कॉलोनी, भगवती कॉलोनी, महावीर कॉलोनी, जगदम्बा कॉलोनी, भदाना अफोर्डेबल आवासीय योजना, अमरूदों का बाग, गांवडी, गंगायचा, रोटेदा और नयागांव के निवासी सीधे तौर पर लाभान्वित होंगे। इसके साथ ही कोटा शहर से रंगपुर, केशोरायपाटन जोने के लिए सुगम आवागमन मिलेगी।