भारतीय किसान संघ राहुल गांधी को लहसुन की माला पहनायेगा

141

कोटा। भारतीय किसान संघ ने गुरुवार को भारत जोड़ो यात्रा के दौरान राहुल गांधी को कोटा आने पर लहसुन की माला पहनाने की चेतावनी दी है। पिछले साल लहसुन की बंपर आवक के बाद भी सरकारी खरीद नहीं होने से किसान नाराज हैं। किसान संघ ने कहा है कि राहुल गांधी का कोटा में विरोध किया जाएगा और विरोध स्वरूप उन्हें लहसुन की माला पहनाई जाएगी।

भारतीय किसान संघ के प्रदेश मंत्री जगदीश कलमंडा और प्रांत अध्यक्ष शंकरलाल ने कहा कि चुनाव के समय राहुल गांधी ने मंच से यह घोषणा की थी कि सभी किसानों का कर्जा माफ होगा। उन्होंने कहा था कि आप दिन गिन लीजिए और सरकार बनने के सात दिन के अंदर कर्ज माफ कर दिया जाएगा। लेकिन सरकार ने यह घोषणा पूरी नहीं की और केवल सहकारी समितियों के कर्ज ही माफ हुए। किसान आज भी परेशान हैं।

राहुल गांधी चुनाव के समय तो किसानों की हितैषी बनकर आए थे। प्रदेश में कांग्रेस की सरकार है और पिछले साल जब हाडोती में लहसुन की बंपर आवक हुई और दाम बिल्कुल गिर गए, किसान की लागत तक नहीं निकली, लेकिन सरकार ने समर्थन मूल्य पर खरीद ही नहीं की। काफी विरोध प्रदर्शन भी किया, उसके बाद खरीद की घोषणा हुई थी, लेकिन खरीद नहीं हो सकी। लहसुन के दामों में आई भरी गिरावट से किसान बर्बाद हो गया।