बीजेपी के चुनाव संकल्प पत्र का विमोचन, कोटा में बनेगी ट्रिपल इंजन सरकार: जैन

0
10

कोटा। भारतीय जनता पार्टी कोटा शहर द्वारा गुरुवार को आयोजित पत्रकार वार्ता में, राजस्थान भाजपा का निकाय चुनाव के लिए संकल्प पत्र का विमोचन किया गया। वहीं दोगुनी होगी विकास की रफ्तार, कोटा में अब ट्रिपल इंजन सरकार का भी विमोचन किया गया।

इस अवसर पर महाराष्ट्र सरकार में राजस्व मंत्री एवं राजस्थान चुनाव सहप्रभारी चंद्रशेखर वाबनकुले, भाजपा शहर जिलाध्यक्ष राकेश जैन, शिक्षा मंत्री राज. सरकार मदन दिलावर, विधायक कोटा दक्षिण संदीप शर्मा, विधायक लाडपुरा कल्पना देवी, कोटा संभाग के सहप्रभारी पुखराज पहाड़िया, महाराष्ट्र में एमएलसी श्रीकांत भारती, घोषणा पत्र निर्माण समित के सदस्य महेश विजय, मीडिया के संभाग संयोजक अरविन्द सिसोदिया, जिला महामंत्री देहात विशाल शर्मा मंचस्थ रहे।

राजस्थान चुनाव सहप्रभारी चंद्रशेखर वाबनकुले ने कहा कि राजस्थान में भाजपा की भजनलाल सरकार इतना अच्छा कार्य कर रही है कि भविष्य में कांग्रेस कभी यहां सरकार नहीं बना पायेंगी। उन्होने कहा कि राजस्थान की सभी निकायों में भाजपा दो तिहायी बहुमत से भाजपा के बोर्ड बनायेगी। ऐसा विश्वास राजस्थान की जनता से मिल रहे जनसमर्थन के आधार पर है। विकसित कोटा, विकसित राजस्थान और विकसित भारत का स्वप्न जन आर्शीवाद से साकार होने जा रहा है। उन्होने कहा कि आधुनिक तकनीकी का उपयोग कर नगरों का चहुंमुखी विकास करेंगे। नगरों को स्वच्छ, सुन्दर और स्मार्ट बनायेंगे।

विधायक संदीप शर्मा द्वारा कोटा के विकास कार्यों का लेखाजोखा देते हुये कहा गया कि कोटा आज विकास और सकारात्मक बदलाव के एक नए दौर से गुजर रहा है। शिक्षा नगरी के रूप में विशिष्ट ख्याति रखने वाला हमारा शहर अब आधुनिक आधारभूत सुविधाओं, बेहतर कनेक्टिविटी, पर्यटन और जन-आकांक्षाओं के अनुरूप विकास के साथ स्वयं की नई पहचान स्थापित करने की ओर अग्रसर है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केन्द्र सरकार और राजस्थान में मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा के नेतृत्व में डबल इंजन की सरकार के सामूहिक प्रयासों ने कोटा में विकास को नई गति दी है। कोटा-बूंदी ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट, कोटा एवं न्यू कोटा रेलवे स्टेशन का पुनर्विकास, दिल्ली-मुम्बई एक्सप्रेस-वे जैसे महत्वकांक्षी प्रोजेक्टस एक ओर जहा देश के बड़े शहरों से बेहतर कनेक्टिविटी सुनिश्चित करते हुए कोटा के अर्थतंत्र की मजबूती की धुरी बनेंगे, वहीं मुकुन्दरा हिल्स टाइगर रिजर्व और चम्बल सफारी जैसे प्रयास कोटा में पर्यटन उद्योग को नए पंख देकर यहां के सामाजिक-व्यापारिक सुदृढ़ीकरण और आर्थिक समृद्धि की दिशा में उत्प्रेरक की भूमिका निभाएंगे।

परन्तु इससे भी आगे बढ़कर हमारा संकल्प है कि कोटा को स्वच्छ, सुंदर, हरे-भरे और आधुनिक शहर के रूप में विकसित किया जाए। एक ऐसा शहर जहां हर वार्ड में प्रत्येक नागरिक के लिए बेहतर सड़कें, स्वच्छता, हर घर से कचरा संग्रहण, पेयजल, सीवरेज, स्ट्रीट लाइट, पार्क और आधुनिक नागरिक सुविधाओं तक पहुंच सुलभ हो।

भाजपा शहर जिलाध्यक्ष राकेश जैन ने कहा कि लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के नेतृत्व में कोटा संसदीय क्षेत्र में ऐतिहासिक विकास हो रहा है। विकास की इस यात्रा की गति को और अधिक तीव्र बनाने के लिए आवश्यक है कि नगर निगम में भी भारतीय जनता पार्टी का बोर्ड अधिकतम गठित हो, जो स्थानीय आशाओं एवं अपेक्षाओं की पूर्ति करते हुए विकास की नई प्राथमिकताओं के साथ कदम से कदम मिलाकर काम करे।

केन्द्र, राज्य और स्थानीय निकाय में भाजपा की सरकार बनने से ट्रिपल इंजन की शक्ति कोटा के विकास को नई गति प्रदान करेगी। बेहतर समन्वय के साथ विकास योजनाओं को तेजी से धरातल पर उतारने और हर वार्ड तक आधारभूत सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी।

उन्होने कहा कि विकास की इस रफ्तार को और गति दें। आगामी नगर निगम चुनाव में भाजपा को समर्थन देकर कोटा में ट्रिपल इंजन की सरकार बनाने में सहभागी बनें। आपका एक वोट, कोटा के विकास की गति को और अधिक तीव्र बनाएगा।