भगवान कृष्ण ने ज्ञान, भक्ति और कर्म योग से संसार का मार्गदर्शन किया

219

श्रीकृष्ण जन्मोत्सव में पहुंचे लोकसभा अध्यक्ष, भक्तों के साथ किए कान्हा के दर्शन

कोटा। जन्माष्टमी के अवसर पर पूरा शहर कृष्ण भक्ति में डूबा नजर आया। शहर के सभी मंदिरों में श्रद्धालुओं का जमघट नजर आया। शुक्रवार को लोक सभा अध्यक्ष ओम बिरला भी आराध्य प्रभु श्रीकृष्ण के दर्शन करने पहुंचे। स्पीकर बिरला पुरानी सब्जी मंडी स्थित गीता सत्संग आश्रम में आयोजित श्रीकृष्ण जन्मोत्सव में सम्मिलित हुए।

बिरला ने कहा कि भगवान कृष्ण हर जन और हर मन में बसे हैं। नटखट कन्हैया हो या जगत पालक विराट स्वरूप, भगवान श्रीकृष्ण सभी को प्रेरित करते हैं। समाज को सकारात्मक संदेश देते हैं। गोवर्धन पूजा कर श्रीकृष्ण हमें पर्यावरण संरक्षण का महत्व बताते हैं। गीता में निष्काम भाव से कर्म की सीख देते हैं।

बिरला ने कहा कि भगवान कृष्ण ने ज्ञान योग, भक्ति योग और कर्म योग से संसार का मार्गदर्शन किया है। भगवान कृष्ण ने मानवता को कर्तव्य पथ पर आगे बढ़ने की प्रेरणा दी है। पूरे भारत और दुनिया के कई देशों में भगवान कृष्ण की समर्पण भाव से पूजा की जाती है। स्पीकर बिरला ने प्रथम पीठ भगवान मथुराधीश मंदिर में पहुंचकर दर्शन लाभ लिए। उन्होंने शहर के विभिन्न मंदिरों में श्रीकृष्ण की झांकियों में कान्हा के बालरूप के दर्शन किए।

भागवद् कथा का श्रवण किया
लोकसभा अध्यक्ष स्टेशन क्षेत्र में स्थित राम मंदिर में विजयवर्गीय परिवार के द्वारा आयोजित की जा रही श्रीमद् भागवत कथा में शामिल हुए। उन्होंने यहां पर श्रीमद्भागवत पुराण की पूजा-अर्चना करने के पश्चात कथावाचक संत श्री कर्ष्णि बालयोगी ब्रह्मानंद जी महाराज का आशीर्वाद भी प्राप्त किया। इस दौरान उनके साथ पत्नी अमिता बिरला भी मौजूद रहीं।