ब्राजील में वर्तमान सीजन में अब तक सोयाबीन की 62 फीसदी फसल की कटाई पूरी

30

सोरिसो। लैटिन अमरीकी देश-ब्राजील में गत सप्ताह हुई बारिश से देश के उत्तरी एवं दक्षिणी क्षेत्रों में सोयाबीन की पिछैती बिजाई वाली फसल को फायदा हुआ। सबसे अधिक वर्षा रियो ग्रैंड डो सूल के दक्षिणी भाग में हुई जहां अक्सर फसल की बिजाई लेट से शुरू होती है। चालू सप्ताह के दौरान देश के सुदूर दक्षिण क्षेत्र में अच्छी बारिश होने की सम्भावना है।

ब्राजील दुनिया में सोयाबीन का सबसे प्रमुख उत्पादक एवं निर्यातक देश है। वहां 2023-24 के वर्तमान सीजन में गत सप्ताह करीब 62 प्रतिशत क्षेत्र में सोयाबीन फसल की कटाई-तैयारी पूरी हो चुकी थी जो पिछले साल के बराबर ही है। हाल के सप्ताहों में कटाई की गति कुछ धीमी बनी है क्योंकि अब पिछैती बिजाई वाली फसल की कटाई हो रही है जबकि पूर्वोत्तर ब्राजील में गीले मौसम से भी कटाई में बाधा पड़ रही है। सोयाबीन फसल की कटाई-तैयारी रियो ग्रैंड डो सूल प्रान्त में सबसे अंत में होती है और पूर्वोत्तर क्षेत्र में भी उसी समय कटाई चलती है।

एक अग्रणी समीक्षक ने 2023-24 सीजन के दौरान ब्राजील में सोयाबीन का कुल उत्पादन 1450 लाख टन होने की सम्भावना व्यक्त की है जबकि अन्य विश्लेषकों द्वारा उत्पादन का अलग-अलग अनुमान लगाया जा रहा है। राष्ट्रीय स्तर पर लगभग दो-तिहाई भाग में फसल की कटाई हो चुकी है लेकिन फिर भी इसके उत्पादन के उच्चतम एवं न्यूनतम अनुमान के बीच लगभग 200 लाख टन का भारी अंतर बना हुआ है।

अमरीकी कृषि विभाग का उत्पादन अनुमान सबसे ऊंचा है। ब्राजील के सबसे प्रमुख कृषि उत्पादक राज्य-माटो ग्रोसो में सर्वाधिक करीब 96 प्रतिशत सोयाबीन फसल की कटाई पूरी हो चुकी है जबकि दूसरे प्रमुख उत्पादक प्रान्त में करीब 73 प्रतिशत फसल काटी जा चुकी है। कई अन्य प्रान्तों में भी फसल की कटाई हो रही है।