कोटा। Arundhati motivates Allen students: राष्ट्रमंडल खेल ग्लासगो-2026 की बाॅक्सिंग में स्वर्ण पदक विजेता कोटा की अरूंधति चोैधरी का एलन कॅरियर इंस्टीट्यूट में अभिनंदन किया गया। जवाहर नगर स्थित एलन समुन्नत कैम्पस के समरस सभागार में मोटिवेशनल सेशन में स्टूडेंट्स को संबोधित किया।
कार्यक्रम में एलन कॅरियर इंस्टीट्यूट के फाउंडर डाॅ.नवीन माहेश्वरी, एक्जीक्यूटिव डायरेक्टर केशव माहेश्वरी व अन्य मेंटर्स व शिक्षक भी मौजूद रहे। यहां अरूंधति को साफा और उपर्णा पहनाकर अभिनन्दन किया तथा 2.50 लाख का चेक भेंट किया। इस अवसर पर अरूंधति के कोच अशोक गौतम का भी सम्मान किया गया।
अरुंधति चोैधरी ने कहा एलन आकर मुझे बहुत सम्मान और खुशी महसूस हो रही है। लगभग 8 साल पहले मैं अपनी बड़ी बहन चारू को नीट की कोचिंग के लिए अपनी बुलेट गाड़ी से छोड़ने आती थी। एमबीबीएस पूरा कर चुकी उनकी बड़ी बहन चारू चोैधरी भी कार्यक्रम में मौजूद रही।
अरुंधति ने कहा कि जीवन में निरंतरता और अनुशासन के जरिए किसी भी लक्ष्य को पाया जा सकता है। अगर जीवन में लक्ष्य स्पष्ट हो, तो अनुशासन अपने आप आ जाता है। मैं किसी भी परिस्थिति से नहीं घबराई। मुझे कलाई खिसकने के ऑपरेशन, रीढ़ की समस्या, टखने में फ्रैक्चर और अन्य शारीरिक समस्याओं का सामना करना पड़ा, लेकिन मैं एक विजेता बनकर उभरी। मैंने इतनी हार देख ली कि अब मैं जितने के लिए जिद्दी हो गई हूं।
अरुंधति ने छात्रों से अफर्मेशन (सकारात्मक वाक्य दोहराना) करने को कहा। शीशे के सामने खड़े होकर खुद से कहना चाहिए कि ‘‘आप एक चैंपियन हैं‘‘। उन्होंने कहा कि अगर व्यक्ति के पास पूरा मोटिवेशन हो तो कोई डिमोटिवेशन नहीं रहेगा। जीवन में सिर्फ ‘‘हाँ‘‘ या ‘‘ना‘‘ होता है, उनके बीच कुछ नहीं होता।
सफलता से ज्यादा असफलता सिखाती है
छात्रों को प्रेरित करते हुए अरुंधति ने कहा कि असफलता, सफलता से कहीं ज्यादा सिखाती है। संघर्ष के बिना सफलता नहीं मिल सकती। संघर्षों को कभी न भूलें क्योंकि वे हमेशा प्रेरित करते हैं। संघर्ष के कारण होने वाली निराशा से जुड़े एक सवाल के जवाब में उन्होंने छात्रों से अतीत या भविष्य के बजाय वर्तमान क्षण में जीने का आह्वान किया।
स्टूडेंट्स ने पूछे सवाल
इस दौरान महाराष्ट्र, बिहार, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, दिल्ली सहित देश के विभिन्न प्रांतों के स्टूडेंट्स ने अरूंधति से शुरुआत, जीवन का लक्ष्य, अनुभव, चुनौतियां, अनुशासन और भविष्य को लेकर सवाल पूछे, जिस पर अरूंधति ने खूब खुलकर जवाब दिए। अरूंधति ने बताया कि किस तरह खेल की दुनिया में आई और फिर कैसे सफर तय होता चला गया।
ओलम्पिक के लिए शुभकामनाएं
इस अवसर पर एलन कॅरियर इंस्टीट्यूट प्रा.लि. के फाउंडर डाॅ.नवीन माहेश्वरी ने कहा कि कोटा की बेटी ने सिर्फ शहर ही नहीं देश का नाम रोशन किया है। हमारी शुभकामनाएं हैं कि कोटा की बेटी ओलंपिक में भी गोल्ड मैडल लेकर दुनिया में चमक बिखेरे। इस दौरान उन्होंने ओलम्पिक की तैयारी का ढोल भी बजाया।

