फोर्ब्स की सूची में मुकेश अंबानी दुनिया के नौवें सबसे अमीर व्यक्ति, अडाणी 17वें स्थान पर

30

नई दिल्ली। Forbes richest list 2024: आर्थिक संकट से जूझ रही एडुटेक कंपनी बायजू के मालिक बायजू रवींद्रन को बड़ा झटका लगा है। वह फोर्ब्स की भारत के 100 सबसे अमीर कारोबारियों की सूची से बाहर हो गए हैं। इस सूची में रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी टॉप पर बने हुए हैं। इसके अलावा अंबानी एशिया के भी सबसे अमीर अरबपति हैं। वहीं, अडानी समूह के गौतम अडानी दूसरे स्थान पर हैं।

फोर्ब्स के मुताबिक मुकेश अंबानी की संपत्ति 83 अरब डॉलर से बढ़कर 116 अरब डॉलर हो गई है। वह 100 अरब डॉलर क्लब के एकमात्र एशियाई अरबपति हैं। अंबानी के बाद गौतम अडानी 84 अरब डॉलर की संपत्ति के साथ दूसरे सबसे अमीर अरबपति हैं। अडानी की संपत्ति में 36.8 बिलियन डॉलर की बढ़ोतरी हुई है। वह वैश्विक अरबपतियों की सूची में 17वें स्थान पर हैं। वहीं, सावित्री जिंदल भारत की सबसे अमीर महिला बनी हुई हैं। उनकी कुल दौलत 33.5 अरब डॉलर है। वह भारत की चौथी सबसे अमीर अरबपति हैं।

25 नए अरबपतियों की एंट्री
फोर्ब्स की रिपोर्ट के मुताबिक अरबपतियों की सूची में कुल 200 कारोबारियों को शामिल किया गया है, यह संख्या पिछले वर्ष 169 थी। इन भारतीय अरबपतियों की कुल संपत्ति बढ़कर 954 अरब डॉलर हो गई, जो पिछले साल की कुल संपत्ति 675 अरब डॉलर से 41 प्रतिशत ज्यादा है। फोर्ब्स की सूची में 25 नए भारतीय अरबपतियों की भी एंट्री हुई है। इनमें नरेश त्रेहान, रमेश कान्हिकानन और रेणुका जगतियानी शामिल हैं।

भारत के शीर्ष 10 सबसे अमीर व्यक्ति

  1. मुकेश अंबानी – 116 अरब डॉलर
  2. गौतम अडानी – 84 अरब डॉलर
  3. शिव नादर – 36.9 अरब डॉलर
  4. सावित्री जिंदल – 33.5 अरब डॉलर
  5. दिलीप सांघवी – 26.7 अरब डॉलर
  6. साइरस पूनावाला – 21.3 अरब डॉलर
  7. कुशल पाल सिंह – 20.9 अरब डॉलर
  8. कुमार मंगलम बिड़ला – 19.7 अरब डॉलर
  9. राधाकिशन दमानी – 17.6 अरब डॉलर
  10. लक्ष्मी मित्तल – 16.4 अरब डॉलर