प्ले स्टोर से बिना फोन छुए खुद ब खुद इंस्टॉल हो जाता है मनपसंद एप, जानिए कैसे

64

नई दिल्ली। App Remote Installation Feature: कैसा हो अगर आप अपने फोन, एंड्रॉइड टीवी, ओएस वॉच, को बिना छुए ही अपना मनपसंद ऐप डाउनलोड कर लें। अब आप कहेंगे भला प्ले स्टोर पर बिना विजिट किए कैसे किसी ऐप को डाउनलोड कर सकते हैं, हम कहेंगे ऐसा हो सकता है।

दरअसल, गूगल अपने एंड्रॉइड यूजर्स के लिए एक से बेहतरीन एक बढ़िया फीचर्स पेश करता है। इन्हीं में से एक प्ले स्टोर का ऐप रिमोट इन्स्टॉलेशन फीचर (google play store app remote installation feature) है।

क्या है ऐप रिमोट इन्स्टॉलेशन फीचर: इस खास फीचर के साथ एंड्रॉइड यूजर्स को बिना ओएस डिवाइस छुए दूर से ही ऐप इंस्टॉल करने की सुविधा मिलती है। आप अपने प्राइमरी डिवाइस (फोन) से गूगल अकाउंट से लिंक्ड दूसरे डिवाइस (एंड्रॉइड फोन, एंड्रॉइड टीवी, क्रोमकास्ट, वियर ओएस वॉच) के लिए फोन से ही ऐप डाउनलोड कर सकते हैं।

दूसरे डिवाइस के लिए ऐसे करें ऐप डाउनलोड

  • सबसे पहले प्राइमरी डिवाइस यानी फोन पर प्ले स्टोर ऐप ओपन करना होगा।
  • अब जिस ऐप को डाउनलोड करना चाहते हैं, उसे सर्च करना होगा।
  • ऐप पर क्लिक करना होगा।
  • अब ऐप के नीचे Install के दांयी ओर एक ऐरो नजर आएगा, इस पर क्लिक करना होगा।
  • अब Install On More Devices के साथ अपने गूगल अकाउंट से लिंक्ड डिवाइस की लिस्ट नजर आएगी।
  • अब उस डिवाइस को भी सेलेक्ट करना होगा, जिसके लिए रिमोटली ऐप डाउनलोड करना चाहते हैं।
  • डिवाइस सेलेक्ट करने के साथ ही ऐप डाउनलोडिंग शुरू हो जाती है।
  • कुछ समय बाद अपने सेकेंडरी डिवाइस पर नए ऐप को चेक कर सकते हैं।

ध्यान रहे, इस फीचर का इस्तेमाल करने के लिए जरूरी है कि दोनों ही डिवाइस (प्राइमरी और सेकेंडरी) इंटरनेट से कनेक्टेड हों और एक ही गूगल अकाउंट से लिंक्ड हो।