पूर्वजों के संस्कार ही हमें सेवा के लिए प्रेरित करते हैं: लोकसभाध्यक्ष बिरला

0
437

कोटा। रोटरी क्लब कोटा द्वारा शनिवार को शॉपिंग सेंटर स्थित रोटरी बिनानी सभागार में नींव 2021 कार्यक्रम का आयोजन किया गया। संस्था के अध्यक्ष सुरेश अग्रवाल व सचिव नितिन अग्रवाल ने बताया कि समारोह में 70 वर्ष से अधिक आयु वाले 35 सदस्यों का सम्मान किया गया। समारोह के मुख्य अतिथि लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला थे। अध्यक्षता समाजसेवी मोहनलाल खेड़ावालों ने की।

समारोह को संबोधित करते हुए ओम बिरला ने कहा कि सेवा के संस्कार हमें पूर्वजों से मिले हैं। इतिहास में देखते हैं तो कईं आक्रमणकारी भारत को लूटने और संस्कृति को ध्वंस करने के लिए आए। हमारे पूर्वजों ने संघर्ष करते हुए अपने संस्कार, संस्कृति और सभ्यता को अक्षुण्ण बनाए रखा। पूर्वजों के संस्कारों से ही आज हमारे नौजवान भी सेवा का उतना ही जज्बा रखते हैं।

उन्होंने कहा कि जब पूरे विश्व में कोविड महामारी आई तो हमारी सामूहिक चेतना, हमारे सामूहिक प्रयास और सेवा के जज्बे ने इस संकट का मुकाबला किया। समाज का हर वर्ग, हर संस्था मदद के लिए आगे आए थे। यही सामूहिकता हमारी समृद्ध और गौरवशाली विरासत है।

उन्होंने कहा कि आजादी के 75 साल का जश्न मनाते हुए हमें पिछले अनुभवों का लाभ उठाना चाहिए और आगे की चुनौतियों से लड़ने की तैयारी करना चाहिए। आज देश और दुनिया में बहुत परिवर्तन आए हैं। आजादी के 75 वर्ष बाद भी बहुत प्रयासों के बावजूद शत प्रतिशत साक्षरता नहीं ला सके। हमने महिलाओं में कुपोषण दूर करने का अभियान हाथ में लिया है। लोकतंत्र की सभी संस्थाएं और समाज मिलकर इन चुनौतियों से मुकाबला करेंगे।

उन्होंने कहा कि वरिष्ठ सदस्यों के अनुभव का लाभ लेकर नए सदस्यों को सेवा क्षेत्र में मानव कल्याण के पुनीत कार्य को आगे बढ़ाना चाहिए। रोटरी क्लब जैसी संस्थाओं को टारगेट बनाकर सेवाकार्य में जुटना चाहिए।