पीएम मोदी ने कांग्रेस के घोषणा पत्र को बताया मुस्लिम लीग की सोच

17

राजस्थान में चुनावी जनसभा में पीएम का संबोधन

अजमेर। पीएम नरेन्द्र मोदी (PM Narendra Modi) ने राजस्थान के पुष्कर में एक चुनावी जनसभा को संबोधित किया। भाजपा की स्थापना 6 अप्रैल को हुई थी। यह संयोग देखिए कि मुझे भी पुष्कर क्षेत्र में आने का सौभाग्य मिला है। ब्रह्माजी तो निर्माता हैं।

भाजपा भी नए भारत के निर्माण के लिए प्रतिबद्ध है। देश में कभी-कभी ऐसे मौके आते हैं, जब नागरिकों का एक फैसला अगले सैकड़ों वर्षों के भविष्य का निर्धारण करता है। साल 2024 का चुनाव भी देश के भविष्य का निर्धारण करने वाला है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कांग्रेस के घोषणा पत्र को मुस्लिम लीग की सोच करार दिया।

पीएम मोदी ने कहा कि पहले दशकों तक देश में जोड़-तोड़ वाली सरकारें चलीं। इसमें गठबंधन की मजबूरियां और हर किसी के अपने स्वार्थ के कारण देश हित पीछे छूट गया था। कांग्रेस के शासनकाल में गांव, गरीब, किसान, मजदूर, युवा, महिला, सभी का जीना मुहाल हो गया था। हर दिन अखबारों में घोटालों या आतंकी हमलों की खबरें छपती थीं। साल 2014 में भाजपा के सत्ता में आने के बाद देश में बड़े बदलाव की शुरुआत हुई थी।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि कांग्रेस जहां भी रहती है, वहां विकास नहीं हो सकता है। कांग्रेस ने ना कभी ना ही कभी वंचितों-शोषितों-युवाओं के बारे में सोचा ना कभी किसी गरीब की परवाह की। एक तो करेला, दूजा नीम चढ़ा… वाली कहावत कांग्रेस पर फिट बैठती है। कांग्रेस परिवारवादी के साथ भ्रष्टाचारी पार्टी भी है। इसके साथ ही पीएम मोदी ने घोषणा पत्र को लेकर कांग्रेस पर निशाना साधा…

पीएम मोदी ने कहा- कांग्रेस ने कल अपना घोषणा पत्र जारी किया जो झूठ का पुलिंदा है। कांग्रेस के इस घोषणा पत्र के हर पन्ने पर देश के टुकड़े करने की बू आ रही है। कांग्रेस के घोषणा पत्र में मुस्लिम लीग की सोच झलकती है। आजादी के समय के मुस्लिम लीग के विचारों को कांग्रेस मौजूदा वक्त में देश पर थोपना चाहती है। इस घोषणा पत्र से साफ हो गया है कि कांग्रेस के पास ना तो सिद्धांत ना ही नीतियां बची हैं। ऐसा लगता है कि पूरी कांग्रेस खुद को आउट सोर्स कर चुकी है।

प्रधानमंत्री ने कहा- भाजपा सरकार ने अपने बीते 10 वर्षों के शासनकाल के दौरान लूट की बीमारी का परमानेंट इलाज करने का काम किया है। ये लोग जनता के पैसों को लूटना अपना खानदानी हक समझते थे। इनकी लूट की दुकान का शटर गिरा दिया गया है, इसी वजह से ये बौखलाए हुए हैं। कुछ भी हो जाए लेकिन भ्रष्टाचार के खिलाफ हमारी लड़ाई जारी रहेगी। कांग्रेस चुनाव जीतने के लिए नहीं कर रही वह भ्रष्टाचारियों को बचाने के लिए जनसभाएं कर रही है। राजस्थान में भी भाजपा की सरकार पेपर माफियाओं पर ऐक्शन ले रही है।