परिणीति-राघव राजसी ठाठ-बाट से करेंगे शादी, जयपुर-उदयपुर में देखी लोकेशन

57

जयपुर। बॉलीवुड एक्ट्रेस परिणीति चोपड़ा और आम आदमी पार्टी के सांसद राघव चड्ढा लेकसिटी उदयपुर में लोकेशन देखने के बाद आज जयपुर पहुंचे हैं। यहां परिणीति-राघव 230 साल पुराने एक फोर्ट को अपनी ड्रीम वेडिंग के लिए फाइनल कर सकते हैं। वे आज सुबह इस लोकेशन को देखने के लिए भी पहुंचे।

दिल्ली के कपूरथला हाउस में सगाई करने वाले इस पावर कपल के लिए राजस्थान हमेशा से फेवरेट डेस्टिनेशन की लिस्ट में टॉप पर रहा है। दोनों की फैमिली सगाई के बाद से ही शादी की तैयारियों में जुटी है। सूत्रों के अनुसार शादी के फंक्शन जयपुर के साथ दिल्ली और मुंबई में भी हो सकते हैं।

जयपुर एयरपोर्ट पर राजस्थान लघु उद्योग निगम (राजसिको) के अध्यक्ष राजीव अरोड़ा और उनके बेटे व आम्रपाली के क्रिएटिव डायरेक्टर तरंग अरोड़ा ने राघव और परिणीति का स्वागत किया। जयपुर में राजविलास होटल में ब्रेकफास्ट करने के बाद वे बिशनगढ़ फोर्ट के लिए रवाना हो गए। इसके अलावा जयपुर के हैरिटेज और लग्जरी होटल्स में भी दोनों विजिट करेंगे। जानकारी के मुताबिक उदयपुर और जयपुर दोनों की पसंदीदा जगह है। दोनों ही जगह वे शादी के कुछ कार्यक्रम रख सकते हैं।

बिशनगढ़ किला जयपुर से करीब एक घंटे की दूरी पर है। इसका करीब 230 साल का इतिहास है। इस आठ मंजिला किले के डिजाइन में कहीं भी एकरूपता नजर नहीं आती। राव बिशनसिंह ने अपने राज्य की सुरक्षा का ध्यान रखते हुए यह मजबूत किला बनवाया था। बाद में यह किला राव राजेंद्र सिंह के हिस्से में आया था। जो अब लग्जरी होटल में बदला जा चुका है। आज अलीला फोर्ट के नाम से मशहूर यह किला जयपुर घराने की वास्तुकला का अनूठा उदाहरण है, जिस पर मुगल और ब्रिटिश स्थापत्य का प्रभाव भी नजर आता है।

जानकारी के मुताबिक राजस्थान टूरिज्म डिपार्टमेंट भी इस हाई प्रोफाइल वेडिंग में इंटरेस्ट दिखा रहा है। टूरिज्म के लिहाज से इस वेडिंग को राजस्थान में करवाने के प्रयास में जुटा हुआ है। शनिवार को उदयपुर एयरपोर्ट पर परिणीति चोपड़ा का स्वागत पर्यटन उपनिदेशक शिखा सक्सेना ने किया। वह होटल लीला के बाद पर्यटन उपनिदेशक के साथ होटल उदयविलास भी गईं। पर्यटन उपनिदेशक ने उदयपुर और उदयपुर के आसपास के पर्यटन स्थलों व होटलों के बारे में जानकारी दी थी।

दिल्ली में की थी सगाई: राघव और परिणीति की सगाई दिल्ली के कपूरथला हाउस में आयोजित हुई थी। इस सगाई समारोह में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान, आदित्य ठाकरे, पी चिदंबरम शामिल हुए। बहन परिणीति के इस खास दिन में शामिल होने के लिए प्रियंका चोपड़ा भी लंदन से पहुंची थीं। साथ ही परिवार वाले, दोस्त और रिश्तेदार मौजूद थे।