नगाड़े की धुन पर हुई स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा पर ड्रोन से पुष्पवर्षा, 400 दीप जलाए

134

कर्मयोगी सेवा संस्थान का चार दिवसीय मकर सक्रांति महोत्सव शुरू

कोटा। कर्मयोगी सेवा संस्थान के संयोजन में आयोजित चार दिवसीय मकर संक्रांति महोत्सव के अंतर्गत गुरुवार को पहले दिन स्वामी विवेकानंद जयंती पर नयापुरा चौराहा स्थित 54 फीट ऊंची विवेकानंद की प्रतिमा पर ड्रोन से पुष्पवर्षा की गई।

इस दौरान प्रतिमा स्थल पर कलाकारों के द्वारा नगाड़े और शहनाई का वादन भी किया जा रहा था। समारोह के मुख्य अतिथि नयापुरा व्यापार संघ के उपाध्यक्ष महेश आहूजा व सचिव ज्ञानचंद जैन ने विवेकानंद की प्रतिमा और शहनाई वादक कलाकारों को माल्यार्पण कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।

कर्मयोगी सेवा संस्थान के कोटा उत्तर अध्यक्ष अनिल कुमार शर्मा, लक्ष्मीनारायण गर्ग, हेमंत सिंह, लक्ष्मण सिगौर द्वारा स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा को 251 पुष्प मालाओं से सर्किल को सुसज्जित किया। वहीं 31 किलो का 12 फीट लंबा पुष्प हार विवेकानंद की प्रतिमा पर समर्पित किया।

संस्थान के संस्थापक अध्यक्ष राजाराम जैन कर्मयोगी रावण सरकार तथा संयोजिका अंतर्राष्ट्रीय लोक कलाकार अलका दुलारी जैन कर्मयोगी ने बताया कि महोत्सव के तहत शाम को चारों दिशाओं को रोशन करने वाले चार बत्ती के स्पेशल दीप द्वारा 400 दीपज्योति प्रज्वलित की गई।

इस दौरान कोटा को अंतरराष्ट्रीय ऐतिहासिक धरोहर के रूप में स्थापित करने वाले स्वायत्त शासन मंत्री शांति कुमार धारीवाल को धन्यवाद ज्ञापित किया गया। दीप ज्योति कार्यक्रम के मुख्य अतिथि बस यूनियन के अध्यक्ष अशोक चांदना ने दीप प्रज्ज्वलन कर शुभारंभ किया।

दीप प्रज्वलित करने वाले सीता भाटी, सुरेश जैन, महेश अनीजवाल, किशोर चावला, संजय कुमार, विजय कुमार जैन, जितेंद्र जैन, विकास जैन रहे। इस अवसर पर संस्थान अध्यक्ष राजाराम जैन कर्मयोगी, अलका दुलारी जैन द्वारा चौराहे पर 21 किलो तिल्ली के लड्डू आमजन को वितरित किए गए।