दो दिन में 15 हजार लोगों ने ली हाड़ौती के पर्यटन, उद्योग व व्यापार की जानकारी

0
18

प्रांतीय टेन्ट एवं डेकोर एक्सपो में कोटा व्यापार महासंघ ने लगाई विदेश स्टाल

कोटा। दशहरा मैदान में आयोजित 16वें प्रांतीय टेन्ट एवं डेकोर एक्सपो एवं महाधिवेशन में कोटा व्यापार महासंघ द्वारा हाड़ौती के पर्यटन, व्यापार, उद्योग, चिकित्सा, खाद्य एवं व्यापारिक विकास को बढ़ावा देने के उद्देश्य से लगाए गए विशेष पंडाल में दो दिनों में करीब 15 हजार से अधिक देश भर से आए विजिटर्स ने अवलोकन किया।

कोटा व्यापार महासंघ के अध्यक्ष क्रान्ति जैन एवं महासचिव अशोक माहेश्वरी ने बताया कि पंडाल में हाड़ौती के पर्यटन स्थलों, शिक्षा संस्थानों, उद्योगों, चिकित्सा सुविधाओं, स्थानीय उत्पादों एवं व्यापारिक गतिविधियों की विस्तृत जानकारी प्रदर्शित की जा रही है। देश के विभिन्न राज्यों से आए व्यापारियों, उद्यमियों एवं प्रतिनिधियों के साथ-साथ स्थानीय नागरिकों ने भी पंडाल में पहुंचकर हाड़ौती के विकास की संभावनाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की।

सोमवार को कोटा नागरिक सहकारी बैंक के अध्यक्ष एवं रेड क्रॉस सोसाइटी के अध्यक्ष राजेश बिरला ने भी इस पंडाल का अवलोकन किया। उन्होंने बताया कि पंडाल में एलईडी स्क्रीन के माध्यम से हाड़ौती के प्रमुख पर्यटन स्थलों पर आधारित डॉक्यूमेंट्री फिल्में दिखाई जा रही हैं। इन फिल्मों में हाड़ौती के ऐतिहासिक, धार्मिक, प्राकृतिक एवं पर्यटन स्थलों का आकर्षक चित्रण किया गया है, जिसे आगंतुक काफी रुचि और ध्यान से देख रहे हैं।

माहेश्वरी ने कहा कि एक्सपो में देश के कोने-कोने से व्यापारी, उद्यमी एवं प्रतिनिधि आए हैं। महासंघ के पंडाल में आने वाले सभी विजिटर्स को हाड़ौती के पर्यटन स्थलों की विस्तृत जानकारी देने के साथ उन्हें इन पर्यटन स्थलों का भ्रमण करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। इसका उद्देश्य हाड़ौती को देश के प्रमुख पर्यटन एवं व्यापारिक गंतव्य के रूप में विकसित करना है।

उन्होंने बताया कि होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान, कोटा डिवीजन द्वारा तैयार किए गए हाड़ौती पर्यटन एवं स्थानीय पर्यटन स्थलों से संबंधित ब्रोशर सेवीनियर भी आगंतुकों को वितरित किए जा रहे हैं, ताकि वे कोटा एवं हाड़ौती के पर्यटन स्थलों की जानकारी अपने साथ ले जा सकें और भविष्य में यहां भ्रमण के लिए आ सकें।

पंडाल में आने वाले अतिथियों एवं विजिटर्स का कोटा की प्रसिद्ध कचौरी एवं नमकीन से स्वागत किया जा रहा है। कोटा नमकीन व्यापार समिति की ओर से आगंतुकों को कचौरी एवं नमकीन के पैकेट भी उपलब्ध करवाए जा रहे हैं, जिससे कोटा के स्थानीय खाद्य उत्पादों का प्रचार-प्रसार भी हो रहा है।

महासंघ के महासचिव माहेश्वरी ने कहा कि इस आयोजन के माध्यम से देशभर से आए व्यापारियों एवं प्रतिनिधियों तक हाड़ौती की संभावनाओं की जानकारी पहुंचने से आने वाले समय में पर्यटन एवं व्यापारिक गतिविधियों को नई गति मिलने की उम्मीद है।

पंडाल में आगंतुकों के लिए बैठने, जलपान एवं अन्य सुविधाओं की भी शानदार व्यवस्था की गई है। यहां आने वाले प्रत्येक विजिटर को सहज एवं सुविधाजनक वातावरण में हाड़ौती के बारे में जानकारी उपलब्ध कराई जा रही है।