देश का निर्यात लगातार चौथे माह गिरा, 25.98 अरब डॉलर रहा

1002

नई दिल्ली। देश के निर्यात में लगातार चौथे महीने गिरावट दर्ज की गई है। शुक्रवार को जारी हुए सरकारी आंकड़ों के मुताबिक नवंबर में देश का निर्यात 0.34 फीसदी घटकर 25.98 अरब डॉलर का रहा। मुख्यत: पेट्रोलियम उत्पादों, रत्न व आभूषण और लेदर उत्पाद सेगमेंट में गिरावट के कारण देश के समग्र निर्यात में गिरावट रही।

आयात भी 12.71 फीसदी घटकर 38.11 अरब डॉलर पर आ गया। निर्यात के मुकाबले आयात में बड़ी गिरावट होने से देश का व्यापार घाटा कम हुआ है। नवंबर में देश का व्यापार घाटा 12.12 अरब डॉलर का रहा। एक साल पहले नवंबर 2018 में देश का व्यापार घाटा 17.58 अरब डॉलर था। इस दौरान सोने का आयात हालांकि 6.59 फीसदी बढ़कर 2.94 अरब डॉलर का रहा।

30 में से 17 सेक्टरों के निर्यात में गिरावट
30 प्रमुख कारोबारी क्षेत्रों में से 17 क्षेत्रों में निर्यात में गिरावट दर्ज की गई है। पेट्रोलियम उत्पादों का निर्यात 13.12 फीसदी घटा। इसी तरह रत्न व आभूषण का निर्यात 8.14 फीसदी, फल व सब्जियों का 15.10 फीसदी, लेदन और लेदन उत्पादों का 5.29 फीसदी और सभी टेक्स्टाइल्स के रेडीमेड गारमेंट्स का निर्यात 6.52 फीसदी कम रहा।

अप्रैल-नवंबर अवधि में निर्यात 1.99 फीसदी घटा
चालू कारोबारी साल में अब तक (अप्रैल-नवंबर) कुल निर्यात 1.99 फीसदी घटकर 211.93 अरब डॉलर का रहा। इस दौरान आयात 8.91 फीसदी घटकर 318.78 अरब डॉलर का रहा। इसी अवधि में देश का व्यापार घाटा कम होकर 54.06 अरब डॉलर पर आ गया, जो एक साल पहले की समान अवधि में 82.47 अरब डॉलर था।