कोटा। दिगंबर जैन सोशल ग्रुप ‘अनुभव’ कोटा ने फेडरेशन के 33वें स्थापना दिवस पूर्ण होने के उपलक्ष्य में शहरवासियों को स्वास्थ्य का नया उपहार देते हुए श्री महावीर स्वामी होम्योपैथिक सेंटर की शुरुआत अंहिसा पार्क के समीप तलवंडी कोटा में की। दिगंबर जैन सोशल ग्रुप के पूर्व अध्यक्ष धर्मचंद काला एवं शकुंतला काला ने फीता खोलकर केंद्र का शुभारंभ किया।
फेडरेशन के राष्ट्रीय अतिरिक्त महासचिव जे.के. जैन ने बताया कि संस्था की स्थापना 33 वर्ष पूर्व संस्थापक अध्यक्ष जैन रत्न स्वर्गीय प्रदीप कुमार सिंह कासलीवाल ने सेवा और सामाजिक सरोकारों के उद्देश्य से की थी।
उन्होंने संस्थापक को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि आज उनके सेवा संकल्प का ही परिणाम है कि संस्था के देश-विदेश में 350 से अधिक ग्रुप शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक सेवा के विभिन्न प्रकल्पों का संचालन कर रहे हैं। धर्मचंद काला ने कहा कि यह केंद्र कोटा की जनता को समर्पित सेवा परियोजना है, जहां हर वर्ग के जरूरतमंद व्यक्ति को निशुल्क उपचार उपलब्ध कराया जाएगा।
केंद्र पर वरिष्ठ होम्योपैथिक चिकित्सक डॉ. भास्कर दाधीच नियमित रूप से सेवाएं प्रात 08 बजे से 10 बजे तक देंगे। यहां मरीजों को निशुल्क चिकित्सकीय परामर्श, दवा वितरण, बीपी और शुगर जांच की सुविधा उपलब्ध रहेगी। केंद्र का संचालन काला परिवार के सहयोग से किया जाएगा, जिससे आसपास की कॉलोनियों सहित आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को सुलभ स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिल सके।

