ट्रैन चलेगी 160 की स्पीड में, दिल्ली से मुंबई सिर्फ 10 घंटे में पहुंचाएगी

    1513

    नई दिल्ली। जल्द ही दिल्ली से हावड़ा और दिल्ली से मुंबई जाने वाले यात्रियों को राहत मिलने वाली है। भारतीय रेलवे ने अपने 100 दिन के एक्शन प्लान के तहत इन रूट पर ट्रैवल टाइम को कम करने की योजना बनाई है। इस योजना के अंतर्गत सबसे पहले दिल्ली से मुंबई और दिल्ली से हावड़ा के रूट पर लगने वाले समय को कम करने का लक्ष्य रखा गया है।

    इसके लिए रेलवे ने इन रूट पर चलने वाली ट्रेनों की अधिकतम गति को बढ़ाकर 160 किमी प्रति घंटा किए जाने की योजना बनाई है। ऐसा होते ही दोनों रूट पर ट्रैवल टाइम 5 घंटा कम हो जाएगा।

    चार साल में पूरी हाेगी परियोजना
    इस प्रस्ताव को रेल मंत्री पीयूष गोयल ने स्वीकृति दी है और इसमें रेलवे 13,500 करोड़ रुपए का निवेश करेगा। यह प्रस्ताव रेलवे के 100 दिनी प्लान में शामिल 11 प्रस्तावों में से एक है, जिसपर 31 अगस्त तक अमल किए जाने का निर्देश दिया गया है।

    हालांकि दोनों रूट पर अधिकतम गति बढ़ाए जाने की योजना को अगले चार साल में पूरा किया जाएगा। फिलहाल इस प्रस्ताव को कैबिनेट कमिटी फॉर इकोनॉमिक अफेयर्स (CCEA) के पास भेजा गया है, जिसपर अगले 100 दिनों में स्वीकृति मिल जाने की उम्मीद है।

    5 घंटे तक कम हो जाएगा सफर
    इन दोनों रूट पर ट्रेन की अधिकतम स्पीड बढ़ाने से दिल्ली से हावड़ा जाने में लगने वाला समय 17 घंटे से कम होकर 12 घंटा रहा जाएगा। वहीं दिल्ली से मुंबई जाने में लगने वाला समय 15.5 घंटे से कम होकर 10 घंटा रह जाएगा।

    यह दोनों देश के व्यस्ततम रेल रूट में शामिल हैं, जिसके जरिए 30 फीसदी यात्री और 20 फीसदी माल भेजा जाता है। लिहाजा इन रूट पर यात्रा का समय कम होने से यात्रियों और रेलवे दोनों को फायदा होगा। फिलहाल इन रूट पर अधिकतम स्पीड 130 किमी प्रति घंटा है।

    इतना आएगा खर्च
    नई दिल्ली-हावड़ा रूट 1,525 किमी लंबा है और इस रूट पर ट्रेनों की गति बढ़ाने में 6,684 करोड़ रुपए खर्च होने का अनुमान है। 1,483 किमी लंबे नई दिल्ली-मुंबई रूट पर ट्रेन की स्पीड अपग्रेड करने में 6,806 करोड़ रुपए का खर्च आएगा। अप्रूवल मिलने के चार साल के अंदर प्रोजेक्ट पर काम पूरा कर लिया जाएगा।