ट्रेन के कोच भी होंगे स्मार्ट, लगाए जाएंगे कई सेंसर

636

नई दिल्ली। भारतीय रेलवे ने वंदे भारत ट्रेन की तर्ज पर अब सामान्य यात्री डिब्बों को भी स्मार्ट बनाने की तैयारी शुरू कर दी है। इसका मकसद यात्रा को सुविधाजनक, आरामदेह, सुरक्षित बनाने के साथ यात्रियों को विश्वस्तरीय अनुभव प्रदान करना है। यह स्मार्ट डिब्बे इस साल से ही पटरी पर उतर सकते हैं।

एक मीडिया रिपोर्ट के अनुसार रेलवे के यात्री डिब्बों को चेन्नई की इंटीग्रल कोच फैक्ट्री (आइसीएफ) कपूरथला की रेलवे कोच फैक्ट्री (आरसीएफ) और रायबरेली की मॉडर्न कोच फैक्ट्री (एमसीएफ) में स्मार्ट बनाया जाएगा। इस काम में रेलवे के 2000 से ज्यादा अधिकारी और तीन लाख से ज्यादा कर्मचारी लगे हुए हैं। यह अधिकारी और कर्मचारी यात्री डिब्बों को आईओटी, सेंसर, स्काडा, नेटवर्किंग, एनालिटिक्स, अलर्ट इत्यादि तकनीकें लगाने में जुटे हैं।

वंदे भारत की कामयाबी से आया आइडिया
रिपोर्ट में कहा गया है कि भारतीय रेलवे के यात्री डिब्बों को स्मार्ट बनाने का आइडिया वंदे भारत एक्सप्रेस की कामयाबी से आया है। वंदे भारत एक्सप्रेस के कोच बनाने में विश्व स्तर की तकनीक और कलपुर्जों का इस्तेमाल किया गया है। इसके लिए निजी कंपनियों की मदद भी ली गई है। लोगों को वंदे भारत काफी भा रही है। इसी से रेलवे के इंजीनियरों को सामान्य डिब्बों को भी स्मार्ट बनाने की प्रेरणा मिली है।