झालावाड़ हवाई पट्टी की बदहाली देख वसुंधरा ने अफसरों को लगाई लताड़

116

झालावाड़। पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने पंडित दीन दयाल उपाध्याय हवाई पट्टी की बदहाली देख अफसरों को लताड़ लगाई। वे रविवार को झालावाड़ दौरे पर पहुंची थीं। उन्होंने मौके पर मौजूद जिला कलेक्टर भारती दीक्षित से कहा कि ये क्या हाल बना रखा है इसका, कुछ करते क्यों नहीं ?

पूर्व मुख्यमंत्री और बीजेपी की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष वसुंधरा राजे सिंधिया रविवार को सांचौर से झालावाड़ पहुंचीं, तो हेलीकॉप्टर से उतरते ही सीधे हवाई पट्टी के लाउंज पहुंची। यहां धूल जमी हुई थी। वीआईपी लाउंज भी बेहद गंदा था। उसका गेट ही टूट कर अलग रखा था।

यात्रियों के लिए बनी सुविधाएं भी खराब थी। उनके दरवाजे टूटे हुए थे। पैंट्री में भी धूल जमा थी। लाउंज के शीशे टूटे हुए थे। सभी एसी भी खराब थे। पीने के पानी की व्यवस्था नहीं थी। यह सब देख कर राजे बहुत नाराज हुईं।

जिला कलेक्टर से जब इस बारे में पूर्व सीएम वसुंधरा राजे ने सवाल किए, तो कलेक्टर ने उन्हें बताया कि यह हवाई पट्टी सार्वजनिक निर्माण विभाग के अधीन है। कलेक्टर ने पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे हवाई पट्टी की व्यवस्थाओं में तत्काल सुधार करें।

झालावाड़ की कोलाना हवाई पट्टी पर कई हवाई अड्डों से लंबा 3300 मीटर लम्बा रन वे बन रहा है। सिर्फ डामर की एक लेयर होना बाकी है। इसके बाद यहां बड़े विमान भी उतर सकेंगे। सार्वजनिक विभाग के अधिकारियों ने बताया कि किसी भी बड़े से बड़े हवाई अड्डे के लिए 3300 मीटर का रन वे पर्याप्त है। जो यहां मौजूद है।