जियो, एयरटेल, आइडिया, वोडाफोन गुणवत्ता में नहीं उतरा खरा

0
944

नई दिल्ली। प्रमुख दूरसंचार कंपनी रिलायंस जियो, भारती एयरटेल, वोडाफोन और आइडिया सेल्यूलर विभिन्न सेवा गुणवत्ता मानकों पर खरी नहीं उतरी है। दूरसंचार नियामक ट्राई ने इसके लिए इन कंपनियों पर जुर्माना लगाया है। सूत्रों ने बताया कि ट्राई ने यह कदम दिसंबर तिमाही के दौरान सेवा गुणवत्ता मानकों पर खरा नहीं उतरने पर उठाया है। उन्होंने कहा कि रिलायंस जियो पर लगभग 31 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है।

यह जुर्माना काल सेंटर और ग्राहक सेवाओं तक पहुंच सहित अलग-अलग मामलों में लगा है। इस बारे में रिलायंस जियो को भेजे गए ई-मेल का कोई जवाब नहीं आया। वहीं इस समय देश की सबसे बड़ी दूरसंचार कंपनी भारती एयरटेल पर लगभग 23 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है। आइडिया सेल्यूलर पर 28-29 लाख रुपये का जुर्माना लगाया है जबकि वोडाफोन पर लगाए गए जुर्माने की राशि 9 लाख रुपये है।

आइडिया सेल्यूलर, वोडाफोन और भारती एयरटेल ने इस बारे में भेजे गए ईमेल का कोई जवाब नहीं दिया। जिन अन्य कंपनियों पर जुर्माना लगाया गया है उनमें एयरसेल और बीएसएनएल शामिल है। ट्राई द्वारा लगाया गया यह जुर्माना कंपनियों के कारोबार वाले विभिन्न क्षेत्रों और सेवा क्षेत्रों से जुड़ा है। ट्राई चेयरमैन आर एस शर्मा ने हाल ही में इस बात की पुष्टि की थी कि दूरसंचार आपरेटरों पर दिसंबर तिमाही के लिए ‘वित्तीय दंडात्मक कार्रवाई’ की गई है। हालांकि उन्होंने इसका ब्यौरा नहीं दिया था।