जल एवं पर्यावरण संरक्षण के लिए बच्चों ने निकाली जागरूकता प्रभात फेरी

0
4

कोटा। महाराजा श्री अग्रसेन सोशल ग्रुप द्वारा आयोजित धर्म संस्कार शिविर के अंतर्गत गुरुवार को जल एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से गीता भवन क्षेत्र में प्रभात फेरी निकाली गई।

शिविर के संयोजक परमानंद गर्ग एवं पुष्पा गर्ग ने बताया कि प्रभात फेरी में बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए “जल है तो कल है”, “पेड़-पौधे लगाओ, पर्यावरण बचाओ” जैसे नारों के माध्यम से आमजन को जागरूक किया। बच्चों के हाथों में जल संरक्षण एवं पर्यावरण सुरक्षा से संबंधित तख्तियां आकर्षण का केंद्र रहीं।

संस्था के अध्यक्ष राजकुमार गोयल ने बताया कि इस अवसर पर मुख्य अतिथि समाजसेवी संदीप अग्रवाल चांदीवाला, अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन के पूर्व राष्ट्रीय युवा अध्यक्ष हेमराज जिंदल, संस्था के चेयरमेन संजय गोयल, ज्योतिष आचार्य आदित्य कुमार शास्त्री थे।

मुख्य अतिथि संदीप अग्रवाल ने कहा कि जल संरक्षण वर्तमान समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। प्रत्येक व्यक्ति को जल बचाने की आदत अपनानी चाहिए। उन्होंने अधिक से अधिक पौधरोपण करने का भी संदेश दिया।

हेमराज जिंदल व संजय गोयल ने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व है और सभी को अपने घर एवं आसपास के लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करना चाहिए।

संस्था की महिला संभागीय अध्यक्ष रेणु गोयल व संभागीय महामंत्री सपना गोयल ने प्रभात फेरी के समापन पर बच्चों को जल संरक्षण एवं पर्यावरण सुरक्षा की शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम में बच्चों का उत्साह एवं जागरूकता देखने लायक रही। शिविर ज्योतिषाचार्य आदित्य कुमार शास्त्री द्वारा 25 बच्चों को ज्योतिष विद्या सिखाई गई।