छुट्टी चाहिए तो व्हाट्सएप कीजिए, राजस्थान सरकार का फरमान

1368

कोटा। अब सोशल मीडिया सरकारी कामकाज का हिस्सा भी बनने जा रहा है। राजस्थान के प्रारंभिक शिक्षा विभाग ने इसकी शुरुआत कर दी है। सारे विभागीय आदेश अब इसी मैसेजिंग एप पर अपलोड़ किए जाएंगे। यहां तक कि कर्मचारियों को छुट्टी लेने के लिए भी यहीं एप्लीकेशन देनी होगी। 

राजस्थान के प्रारंभिक शिक्षा विभाग ने बकायदा इस बारे में आदेश जारी किए हैं कि सोशल मैसेजिंग एप के जरिए ग्रुप बनाए जाएं और सभी शिक्षकों एवं विभागीय अधिकारियों को उनसे जोड़ा जाए।

विभाग से संबंधित सभी ऑर्डर सीधे निदेशालय से ग्रुप में प्रेषित किए जाएंगे। व्यवस्था एवं विभागीय कार्यप्रणाली में तेजी लाने के लिए एेसा किया जा रहा है। अन्य कई विभागों में अधिकारी भी इन्हीं के जरिए सीधे मॉनिटरिंग करते हैं।

छुट्टियों की एप्लीकेशन भी व्हाट्सएप पर 
सोशल मैसेजिंग एप वाट्सअप पर अधिकारियों की अपनी-अपनी रैंक के अनुसार ग्रुप बन चुके हैं। वो अपने से संबंधित सभी आदेश वेबसाइट पर आते ही पीडीएफ फाइल के जरिए ग्रुप पर डाल देते हैं।

आदेशों पर विस्तृत चर्चा भी ग्रुप पर हो जाती है। यहां तक कि छुट्टियों की एप्लीकेशन भी ग्रुप के जरिए दी जाने लगी है। कई स्कूलों में वाट्सअप ग्रुप को संस्था प्रधानों ने अनिवार्य किया हुआ है।