गोठड़ा-इंदरगढ़ के बीच चंबल नदी पर बनेगा हाई लेवल तीन लेन पुल, 256 करोड़ मंजूर

147

कोटा। High level bridge on Chambal river: राजस्थान सरकार ने स्टेट हाईवे 120 पर चंबल नदी पर हाई लेवल पुल निर्माण के लिए 256 करोड़ 46 लाख की राशि की प्रशासनिक और वित्तीय स्वीकृति जारी कर दी है। जिससे अब जल्द ही इस पुल का निर्माण शुरू हो सकेगा।

इटावा पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अधिकारी मुकेश मीना ने बताया कि विभाग को चंबल नदी में गोठड़ा के पास गोठड़ा-इंदरगढ़ के बीच 256 करोड़ 46 लाख की राशि स्वीकृत हो गयी है। इसके साथ ही वन विभाग ने एनओसी के लिए दिल्ली वन व पर्यावरण स्वीकृति के लिए भेज दी है। जो स्वीकृति होने के साथ ही टेंडर प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। उन्होंने बताया कि पुल हाई लेवल बनेगा। इससे इटावा क्षेत्र का इंदरगढ़ से सीधा जुड़ाव होगा और स्टेट हाईवे 120 का मेगा हाईवे से जुड़ाव होगा।

अधिशासी अधिकारी मुकेश मीना ने बताया कि पुल नदी में 1800 मीटर लम्बा होगा। इसमें 45 स्पान होंगे। जिसमें प्रत्येक स्पान 40 मीटर लम्बाई में निर्मित होंगे। इसके साथ ही गोठड़ा की ओर 600 मीटर एप्रोज बनेगी। इसके साथ ही चानन्दा इंदरगढ़ की ओर 1800 मीटर लम्बी एप्रोज बनेगी। वहीं, इसमें 16 वेल फाउंडेशन रहेंगे बाकी पाइल फाउंडेशन होंगे। ये हाड़ौती का पहला तीन लेन पुल होगा तथा इस पुल की चौड़ाई फुटपाथ सहित 14.90 मीटर रहेगी।

गोठड़ाकला के पास कुछ सालों पहले नाव दुखान्तिका हुई थी। इसके बाद इस क्षेत्र के लोगों के बीच पुल निर्माण को लेकर पीपल्दा विधायक रामनारायण मीना प्रयासरत थे और इंदरगढ़ से शहनावदा सड़क को स्टेट हाईवे 120 पूर्व में घोषित करवाकर निर्माण हो चुका है। इसके जुड़ाव के लिए पुल की कमी थी। जिसे लेकर मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने इस वर्ष बजट में घोषणा की थी। जिसके बाद पूर्व में इसकी डीपीआर बन गई थी। सरकार ने इसकी प्रशासनिक व वित्तीय स्वीकृति जारी की जा चुकी है।

इस पुल के निर्माण से सैकड़ों गांवों के कोटा और बूंदी जिले के लोगों का सीधा जुड़ाव होगा। जहां इससे रेल सहित अन्य प्रमुख मार्ग भी जुड़ेंगे। वहीं, आस्था के केंद्र धार्मिक स्थल कमलेश्वर सहित कम दूरी में जा सकेंगे। इस पुल के निर्माण के बाद इटावा और इंदरगढ़ के गांव सीधे जुड़ जाएंगे।