गुजरात विधानसभा के चुनाव नतीजे चौंकाने वाले होंगे, झालावाड़ में बोले सीएम गहलोत

210

-भारतीय जनता पार्टी की जन आक्रोश यात्रा विफ़ल

-कृष्ण बलदेव हाडा-
कोटा
। राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि गुजरात विधानसभा के चुनाव नतीजे चौकाने वाले होंगे जिसकी कल्पना भी नहीं होगी। वहां भारतीय जनता पार्टी की क्या स्थिति है, इसका अनुमान इससे भी लगाया जा सकता है कि उत्तर प्रदेश के चुनाव के बाद प्रधानमंत्री लगातार गुजरात का दौरा कर रहे है।।

कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा की कोटा और झालावाड़ मे तैयारियों का जायजा लेने आए श्री गहलोत ने झालावाड़ में मीडिया से संक्षिप्त बातचीत करते हुए कहा कि गुजरात विधानसभा के नतीजे अप्रत्याशित रहने वाले हैं, जिनकी किसी को उम्मीद नहीं होगी। अनुमान लगा सकते हैं कि प्रधानमंत्री अपना काफी समय गुजरात को दे रहे हैं। केंद्रीय मंत्रियों सहित गुजरात सरकार के मंत्रियों ने इस विधानसभा चुनाव में अपनी पूरी ताकत झोंक रखी है।

उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री अशोक गहलोत गुजरात में कांग्रेस के वरिष्ठ प्रभारी हैं और वे लगातार गुजरात का चुनावी दौरा कर रहे हैं। आज भी गुजरात के दो दिवसीय दौरे के बाद राजस्थान में झालावाड़ जिले के रास्ते प्रवेश करने वाली राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा की तैयारियों का जायजा लेने के लिए वे विशेष विमान से कोटा और वहां से सहयोगी मंत्रियों नगरीय विकास एवं स्वायत्त शासन मंत्री शांति धारीवाल और रामलाल जाट के साथ झालावाड़ पहुंचे थे।

श्री गहलोत ने कहा कि देश की आजादी के बाद राहुल गांधी की यह सबसे बड़ी यात्रा है जिसका उद्देश्य आज के दौर में इसलिए भी अधिक सार्थक हो जाता है कि कुछ लोग देश को तोड़ने की राजनीति कर रहे है। जहां तक कांग्रेस का सवार है तो कांग्रेस का तो बलिदान देने का इतिहास रहा है, चाहे वह आजादी का आंदोलन हो या देश के आजाद होने के बाद का।

प्रधानमंत्री रहते श्रीमती इंदिरा गांधी ने देश की एकता और अखंडता के लिए अपने प्राणों को न्यौछावर किया तो पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी ने भी अपने प्राणों की आहूति दी। कांग्रेस सदैव जोड़ने की राजनीति में विश्वास करती रही है ना कि तोड़ने की।

भारतीय जनता पार्टी की जन आक्रोश यात्रा को लेकर पूछे जाने पर श्री गहलोत ने कहा कि अब तक भारतीय जनता पार्टी ने प्रदेश में जितनी भी ऐसी यात्राएं निकाली है, वह सब विफल साबित हुई है। भारतीय जनता पार्टी जोड़-तोड़ की राजनीति कर रही है। वहां प्रदेश की सत्ता हासिल करने के लिए 5-7 मुख्यमंत्री पद के दावेदार बने हुए और उनमें आपस में खींचतान चल रही है।

राज्य में हाल में उठे सियासी विवाद के मसले पर श्री गहलोत ने कहा कि कांग्रेस में इसमें कोई मतभेद जैसी बात नहीं है। थोड़ा-बहुत मनमुटाव तो देश की सभी राजनीतिक पार्टियों में चलता रहता है। सभी समस्याएं हल कर ली गई है। हम एकजुट हैं और सभी मिलकर राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा को सफल बनाने की तैयारियों में लगे हुए हैं।

श्री गहलोत ने आज विमान से कोटा से झालावाड़ पहुंचने के बाद अधिकारियों और कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेताओं सहित चंवला बॉर्ड़र का दौरा किया जहां से राहुल गांधी मध्यप्रदेश के सोयत होते हुए 4 दिसम्बर को राजस्थान में प्रवेश करेंगे।

श्री गहलोत ने मंत्रियों और अधिकारियों के साथ उस स्थान को भी देखा जहां राहुल गांधी और उनके साथ चल रहा काफिले के रात्रि विश्राम की व्यवस्था की गई है। उन्होंने वहां की जा रही तैयारियों का जायजा लिया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि व्यवस्था में किसी भी तरह की ढिलाई को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

बाद में मुख्यमंत्री श्री गहलोत अपने दोनों सहयोगी मंत्रियों शांति धारीवाल और रामलाल जाट के साथ विमान से कोटा के लिए रवाना हो गए। कोटा हवाई अड्डे पर पहुंचने के बाद मुख्यमंत्री अधिकारियों और कांग्रेस के नेताओं के काफिले के साथ कोटा-झालावाड़ रोड पर जगपुरा में उसी स्थान पर पहुंचे, जहां कोटा जिले में प्रवेश के बाद राहुल गांधी को ठहराने की व्यवस्था की गई है। उन्होंने वहां की व्यवस्थाओं को देखा और सभी तैयारियों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए।

बाद में श्री गहलोत नगरीय विकास एवं स्वायत्तशासन मंत्री श्री धारीवाल के ‘ड्रीम प्रोजेक्ट’ माने जाने वाले रिवर फ्रंट को देखने के लिए चंबल नदी के किनारे पहुंचे और वहां काफी देर तक अवलोकन किया और किए जा रहे सौंदर्यीकरण एवं विकास कार्यों को काफी सराहा। वहां से श्री गहलोत सर्किट हाउस पहुंच गए, जहां वे अधिकारियों से बैठक करने के अलावा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं से भी अलग-अलग बातचीत कर रहे हैं। उनका रात्रि विश्राम कोटा में ही करने का है।

इसके पहले मुख्यमंत्री अशोक गहलोत विशेष विमान से गांधीनगर (गुजरात) से आज दोपहर कोटा पहुंचे जहां वे राज्य प्रभारी के रूप में विधानसभा चुनाव के सिलसिले में पिछले दो दिन से प्रवास पर थे। कोटा हवाई अड्डे पर श्री गहलोत की नगरीय विकास एवं स्वायत्त शासन मंत्री शांति धारीवाल, कोटा के प्रभारी चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री परसादी लाल मीणा, कैबिनेट मंत्री रामलाल जाट, विधायक राम नारायण मीणा, रफीक खान, कोटा नगर निगम (उत्तर) की महापौर श्रीमती मंजू मेहरा, कोटा नगर निगम (दक्षिण) के महापौर राजीव खंडेलवाल, शहर कांग्रेस अध्यक्ष रविंद्र त्यागी, राजस्थान खादी ग्रामोद्योग बोर्ड के उपाध्यक्ष पंकज मेहता, वरिष्ठ कांग्रेस नेता शिवकांत नंदवाना, राजेंद्र सांखला,अमित धारीवाल आदि ने स्वागत किया।

इस अवसर पर कांग्रेस के अन्य नेताओं के अलावा कोटा के वरिष्ठ पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी भी हवाई अड्डे पर मौजूद थे। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत नगरीय विकास एवं स्वायत्त शासन मंत्री शांति धारीवाल और कैबिनेट मंत्री रामलाल जाट के साथ विभाग से झालावाड़ जिले में रायपुर की हवाई अड्डे पट्टी के लिए रवाना होने से पहले हवाई अड्डे के बाहर कांग्रेस कार्यकर्ताओं से मिले और उनका अभिवादन स्वीकार किया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा को सफ़ल बनाने का आह्वान किया।